गोवा: 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI)-2026 के तहत आयोजित वेव्स फिल्म बाजार में उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग की जगहों को लेकर एक विशेष चर्चा हुई. ‘डेस्टिनेशन उत्तराखंड: जहां प्रकृति और सिनेमा का जादू मिलता है’ विषय पर आयोजित इस सत्र में उत्तराखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्म शूटिंग के केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं, फिल्मकारों को दी जा रही सुविधाओं और राज्य की फिल्म प्रोत्साहन नीति पर विस्तार से चर्चा की गई.
इस चर्चा में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, अभिनेत्री और फिल्म निर्माता आरुषि निशंक तथा प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम का संचालन अभिनेत्री शीना ने किया.
इस मौके पर संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार उत्तराखंड फिल्म नीति-2024 राज्य में फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने और उत्तराखंड को फिल्म शूटिंग के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभा रही है. उन्होंने बताया कि इस नीति के तहत तय शर्तों और पात्रता के आधार पर हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी सीरियल के लिए अधिकतम 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी देने का प्रावधान है. इसके साथ ही एक ही जगह से सभी जरूरी मंजूरी देने की व्यवस्था और शूटिंग की अनुमति लेने की आसान प्रक्रिया के जरिए फिल्मकारों को सुविधाएं दी जा रही हैं.
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हिमालय के प्राकृतिक नजारे, नदियां, पहाड़ी इलाके, ऐतिहासिक और विरासत वाली इमारतें और समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं फिल्मकारों को शूटिंग के लिए अलग-अलग तरह की जगहें उपलब्ध कराती हैं. मसूरी, लैंडौर, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार के साथ गढ़वाल और कुमाऊं के अलग-अलग इलाकों में फिल्म निर्माण की काफी संभावनाएं हैं. फिल्म नीति का मुख्य आधार 3T यानी प्रतिभा, प्रशिक्षण और तकनीक है. इसके जरिए स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को मौके देने के साथ क्षेत्रीय सिनेमा को भी बढ़ावा दिया जा रहा है.
अभिनेत्री और फिल्म निर्माता आरुषि निशंक ने अपनी वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई’ का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर बनी इस सीरीज को कहानी सुनने के बाद जियो हॉटस्टार ने बनाने के लिए मंजूरी दी थी. उन्होंने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और यहां काम करने के अच्छे माहौल की तारीफ की. उन्होंने कहा कि राज्य में फिल्म निर्माण के लिए एक मजबूत व्यवस्था तैयार करने की जरूरत है, जिससे ज्यादा से ज्यादा फिल्मकार यहां शूटिंग के लिए आएं.
प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने उत्तराखंड में अपनी फिल्म ‘जुगनुमा’ की शूटिंग के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उत्तराखंड उनके लिए दूसरे घर जैसा है. फिल्म की शूटिंग के लिए सही जगह तलाशने के मकसद से वह 17 बार उत्तराखंड आए. उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग और अपनेपन की तारीफ करते हुए बताया कि शूटिंग के दौरान उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई. फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ उत्तराखंड के गांवों के बच्चों को भी अभिनय करने का मौका दिया गया.
इस सत्र के जरिए उत्तराखंड की फिल्म नीति, फिल्म सब्सिडी, प्राकृतिक शूटिंग स्थलों और स्थानीय प्रतिभाओं की संभावनाओं के बारे में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत को जानकारी दी गई. इस बात पर भी जोर दिया गया कि फिल्म निर्माण से स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के मौके बढ़ सकते हैं. इसके साथ ही होटल, परिवहन, मेहमानों की देखभाल और पर्यटन जैसे क्षेत्रों को भी बढ़ावा मिल सकता है.