scorecardresearch
Sunday, 22 November, 2026
होमरिपोर्टग्रामीण प्रतिभा का राष्ट्रीय मंच पर कमाल, प्रतापगढ़ के सक्षम ने TCS IT क्विज में हासिल किया चौथा स्थान

ग्रामीण प्रतिभा का राष्ट्रीय मंच पर कमाल, प्रतापगढ़ के सक्षम ने TCS IT क्विज में हासिल किया चौथा स्थान

प्रतापगढ़ के सक्षम ने TCS रूरल IT क्विज के नेशनल फाइनल में हासिल किया चौथा स्थान, 400 से ज्यादा विद्यार्थियों को पछाड़ा.

Text Size:

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के ग्रामीण इलाकों की प्रतिभाएं राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना रही हैं. प्रतापगढ़ के जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में कक्षा 9 के छात्र सक्षम सिंह ने बेंगलुरु में आयोजित टीसीएस रूरल आईटी क्विज के राष्ट्रीय फाइनल में 70 अंक हासिल कर देशभर में चौथा स्थान पाया. उनकी इस उपलब्धि से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए योगी सरकार की कोशिशों को नई पहचान मिली है. समाज कल्याण विभाग और टीसीएस की साझा पहल विद्यार्थियों को बड़े मंच पर अपनी क्षमता दिखाने का मौका दे रही है.

सक्षम सिंह ने 27 अक्टूबर को वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में आयोजित उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय फाइनल में पहला स्थान हासिल कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाई थी. इसी विद्यालय के छात्र किशेष पांडेय ने क्षेत्रीय प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया. प्रदेश के 60 जिलों के 400 से ज्यादा मेधावी विद्यार्थियों के बीच अपनी प्रतिभा साबित करते हुए सक्षम राष्ट्रीय फाइनल तक पहुंचे और देशभर में चौथा स्थान हासिल कर सफलता का परचम लहराया.

टीसीएस रूरल आईटी क्विज साल 2000 से ग्रामीण और छोटे शहरों के विद्यार्थियों में सूचना प्रौद्योगिकी और डिजिटल तकनीक के प्रति रुचि बढ़ाने के मकसद से आयोजित की जा रही है. इस प्रतियोगिता के जरिए विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, समस्याओं को हल करने की योग्यता, टीम में काम करने की भावना और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने की क्षमता विकसित की जा रही है. सर्वोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां बताती हैं कि सही मार्गदर्शन, संसाधन और अवसर मिलने पर ग्रामीण इलाकों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना सकती हैं.

राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने प्रतापगढ़ के सर्वोदय विद्यालय के छात्र सक्षम सिंह को टीसीएस रूरल आईटी क्विज के राष्ट्रीय फाइनल में चौथा स्थान हासिल करने पर बधाई दी. उन्होंने कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं की यह उपलब्धि योगी सरकार की शिक्षा और अवसरों को बढ़ावा देने वाली पहल का नतीजा है. सर्वोदय विद्यालयों के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा से राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं.

समाज कल्याण विभाग के उप निदेशक जे. राम ने कहा कि योगी सरकार प्रदेश के ग्रामीण और वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को अच्छी शिक्षा, बेहतर संसाधन और आगे बढ़ने के मौके देने पर जोर दे रही है. सर्वोदय विद्यालय इस दिशा में अहम भूमिका निभा रहे हैं. सक्षम सिंह की राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि इस बात का सबूत है कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थी भी देश की बड़ी और प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर सकते हैं.

share & View comments