मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायतों और नगर निकायों की आमदनी बढ़ाने के लिए जल संरक्षण, पानी के बिलों की वसूली और स्थानीय संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने जैसे मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए. हरियाणा सरकार ने फैसला लिया है कि गांवों में पानी के बिल के रूप में जितनी राशि वसूली जाएगी, उतनी ही राशि सरकार मैचिंग ग्रांट के रूप में देगी. इससे पंचायतों की आमदनी बढ़ेगी.
उन्होंने कहा कि भूजल स्तर लगातार गिर रहा है और पानी की कमी भी बढ़ रही है. ऐसे में हर जनप्रतिनिधि को जल संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी होगी. स्थानीय निकायों को अपनी आमदनी बढ़ाने के नए तरीके तलाशने चाहिए. इसके साथ ही शहरों में सफाई, पीने का पानी, सड़क, सीवरेज और दूसरी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए.
मुख्यमंत्री ने पंचायतों, गांवों और वार्डों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि गांवों और वार्डों के विकास के लिए प्रतियोगिताएं कराई जानी चाहिए. इनमें बेहतर काम करने वाली पंचायतों और नगर निकायों को सम्मानित किया जाना चाहिए. इससे जनप्रतिनिधियों में अपने क्षेत्र को बेहतर बनाने की भावना बढ़ेगी.
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि सिर्फ पद पर बैठे लोग नहीं हैं, बल्कि बदलाव लाने की ताकत हैं. उन्हें जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना चाहिए और अपनी जिम्मेदारियां पूरी ईमानदारी से निभानी चाहिए.
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में शामिल प्रतिनिधियों से अपील की कि वे दोनों दिन होने वाली चर्चा में सक्रिय रूप से हिस्सा लें. साथ ही ऐसे सुझाव दें, जिन्हें जमीन पर लागू करके पंचायतों और नगर निकायों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सके.
मुख्यमंत्री ने कहा कि एशिया पावर इंडेक्स की रिपोर्ट में भारत ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है. रिपोर्ट के मुताबिक, एशिया की सबसे शक्तिशाली ताकतों की सूची में भारत तीसरे स्थान पर है. इस सूची में अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर है.
कार्यक्रम में पटौदी की विधायक श्रीमती बिमला चौधरी, सोहना के विधायक श्री तेजपाल तंवर, गुरुग्राम के विधायक श्री मुकेश शर्मा, वित्त एवं योजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, भारत सरकार के 16वें वित्त आयोग के पूर्व सदस्य और फ्लेम विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र विभाग के प्रोफेसर एवं अध्यक्ष प्रो. मनोज कुमार पांडा, गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजय कौशिक, प्रोफेसर एन.के. बिश्नोई, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली, जिला प्रशासन से पुलिस आयुक्त शिवास कविराज और डीसी उत्तम सिंह मौजूद रहे.
इसके अलावा, हरियाणा और देश के अलग-अलग राज्यों से आए पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों के जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल हुए.