पुणे, 21 अक्टूबर (भाषा) इंजीनियरिंग कंपनी शेफलर इंडिया की पुणे स्थित फैक्टरी में जून में गैस रिसाव से दो कर्मचारियों की मौत के सिलसिले में कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) हर्ष कदम को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
तलेगांव एमआईडीसी थाने के निरीक्षक विजयानंद पाटिल के अनुसार, कदम को 19 अक्टूबर को हिरासत में लिया गया और वह मामले में गिरफ्तार आठवें व्यक्ति हैं। इस मामले में गैर इरादतन हत्या समेत कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस निरीक्षक पाटिल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “सीईओ को हिरासत में लेने के बाद हमने उनकी चिकित्सा जांच करायी जिसमें उनका रक्तचाप बढ़ा हुआ पाया गया। चिकित्सक की सलाह पर उन्हें अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। हमने अदालत में एक रिपोर्ट सौंप दी है जिसने हमें उनका इलाज पूरा होने के बाद उन्हें पेश करने का निर्देश दिया है।”
निरीक्षक ने बताया कि कदम वर्तमान में अस्पताल में भर्ती हैं और उन्हें अदालत में कब पेश किया जाएगा, इस पर निर्णय चिकित्सक की सलाह के आधार पर लिया जाएगा।
यह मामला नौ जून को तलेगांव एमआईडीसी थाना क्षेत्र स्थित कंपनी की फैक्टरी में हुई एक घटना से संबंधित है, जहां कार्बन डाइऑक्साइड आधारित अग्निशमन प्रणाली के रखरखाव का काम करने के दौरान गैस रिसाव होने से दो श्रमिकों की मौत हो गई थी जबकि तीन अन्य को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.