तिरुवनंतपुरम, 23 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरलम इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा के बेटे रेहान वाद्रा की फोटो प्रदर्शनी आयोजित करने की मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन की पेशकश पर सवाल उठाते हुए शुक्रवार को आरोप लगाया कि रेहान को ‘‘विशेष तरजीह’’ दी जा रही है।
चंद्रशेखर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि मुख्यमंत्री ने यह पेशकश ऐसे समय में की है, जब राज्य में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले युवाओं के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जा रही है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री के किसी भी प्रदर्शनी को केरलम में आयोजित करने का निमंत्रण देने से मुझे कोई दिक्कत नहीं है, भले ही वह वायनाड की सांसद (प्रियंका गांधी) के बेटे की ही क्यों न हो, लेकिन गलत यह है कि इस युवक को विशेष तरजीह दी जा रही है, जबकि केरलम के अन्य युवाओं के शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने पर पुलिस मुख्यमंत्री के निर्देश पर उन पर आंसू गैस के गोले दागती है और उनके साथ मारपीट करती है।’’
भाजपा नेता ने राहुल गांधी और सतीशन सहित कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या लोकतंत्र और अधिकार केवल एक राजनीतिक परिवार के सदस्यों के लिए ही मायने रखते हैं।
उन्होंने बेरोजगारी, ‘‘राजनीतिक भ्रष्टाचार’’ और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम का उल्लंघन कर एक नाबालिग मुस्लिम लड़की की कथित तौर पर जबरन शादी कराए जाने का मुद्दा भी उठाया।
चंद्रशेखर ने कहा, ‘‘राहुल गांधी की राजनीति में यही सबसे निंदनीय बात है। इसीलिए मैं कहता हूं कि वह धोखेबाज हैं और उनकी पूरी राजनीति बेईमानी, झूठ, भ्रष्टाचार, अराजकता एवं धोखाधड़ी पर आधारित है।’’
भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष की यह टिप्पणी सतीशन द्वारा रेहान वाद्रा की प्रदर्शनी केरलम में आयोजित करने की पेशकश किए जाने के एक दिन बाद आई है। सतीशन ने यह पेशकश दिल्ली के बीकानेर हाउस में रेहान की एकल प्रदर्शनी से राष्ट्रीस राजधानी में हुए विरोध प्रदर्शनों की कुछ तस्वीरें हटाए जाने को लेकर उठे विवाद के बीच की थी।
भाषा सिम्मी वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.