scorecardresearch
Thursday, 22 October, 2026
होमदेशसतीश वाघोले को महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया

सतीश वाघोले को महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया

Text Size:

मुंबई, 22 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) के सदस्य सतीश बबन वाघोले को आयोग के अध्यक्ष विवेक भीमनवार के अवकाश पर रहने के दौरान अध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

भीमनवार को परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने और अनियमितताओं के आरोपों को लेकर एमपीएससी की परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों की आलोचना का सामना करना पड़ रहा है।

एमपीएससी के अभ्यर्थियों ने आयोग के अध्यक्ष पद से भीमनवार को हटाने समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर इस महीने की शुरुआत में पुणे में 10 दिन तक प्रदर्शन किया था।

इसके बाद महाराष्ट्र सरकार ने प्रश्नपत्र लीक होने समेत कथित अनियमितताओं की जांच के लिए एक समिति गठित की। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी तुकाराम मुंढे को इस समिति का सचिव बनाया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि समिति राज्य के इस भर्ती आयोग के मौजूदा और पूर्व अध्यक्षों तथा सदस्यों के कार्यकाल की भी जांच करेगी।

इसके बाद भीमनवार ने घोषणा की थी कि वह जांच पूरी होने तक अवकाश पर रहेंगे।

राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने 16 अक्टूबर को एक अधिसूचना जारी कर वाघोले को इसी दिन से एमपीएससी के अध्यक्ष पद का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया।

एमपीएससी के अभ्यर्थियों ने भीमनवार को हटाने के अलावा कुछ प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज मामले वापस लेने, तीन साल में 70,000 पदों पर भर्ती करने, जनवरी में होने वाली समूह ‘ग’ की परीक्षा में पदों की संख्या बढ़ाने और एमपीएससी के अध्यक्ष एवं सचिव की नियुक्ति से पहले उनकी पृष्ठभूमि की जांच करने की मांग की है।

भाषा सिम्मी वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments