नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) साध्वी निरंजन ज्योति ने राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (एनसीबीसी) के अध्यक्ष के रूप में कार्यभार ग्रहण कर लिया है, जबकि किरण उमेश महाल्ले ने आयोग के सदस्य के रूप में पदभार संभाला है। शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि ज्योति ने 18 मार्च को पदभार ग्रहण किया, जबकि महाल्ले ने 20 मार्च को कार्यभार संभाला।
पूर्व सांसद ज्योति ग्रामीण विकास एवं उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालयों में केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में कार्य कर चुकी हैं।
बयान के अनुसार, वे कमजोर और हाशिए पर पड़े वर्गों के उत्थान के उद्देश्य से चलाई जा रही पहलों से सक्रिय रूप से जुड़ी रही हैं।
अमरावती नगर निगम के पूर्व महापौर महाल्ले को सामाजिक और संगठनात्मक कार्यों का अनुभव है और वे महिला सशक्तीकरण और जमीनी स्तर के शासन से संबंधित कार्यक्रमों में शामिल रहे हैं।
मंत्रालय ने नई नियुक्तियों का स्वागत किया और विश्वास व्यक्त किया कि उनका अनुभव पिछड़े वर्गों के कल्याण और सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए आयोग के दायित्व को मजबूत करने में सहायक होगा।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.