हरदोई (उप्र), 11 अक्टूबर (भाषा) हरदोई जिले के बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में रविवार सुबह एक साधु का शव मिलने के बाद पुलिस ने उसकी हत्या के आरोप में एक अन्य साधु को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, कोथावां-अतरौली मार्ग पर शेर बहादुरपुर चौराहे के पास एक बाजार में साधु का शव मिला।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद एक अन्य साधु मुंशीलाल को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद की है।
मृतक साधु की पहचान बाबूलाल (35) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह करीब छह बजे बरामदे में शव मिलने की सूचना मिली थी तथा जांच में पता चला कि साधु की हत्या कुल्हाड़ी और ईंट से वार करके की गई थी।
सहायक पुलिस आयुक्त सुबोध गौतम ने बताया कि बाबूलाल पिछले चार साल से लखनऊ के एक मंदिर में रह रहा था और पाही उगपुर निवासी मुंशीलाल भी करीब डेढ़ साल से उसके साथ रह रहा था।
उन्होंने बताया कि दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ और हत्या क्यों की गई, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
भाषा सं राजेंद्र
सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.