नई दिल्ली: रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को अयोध्या स्थित श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पहला मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) चुना गया है. राम मंदिर के दान की चोरी के मामले से अयोध्या में विवाद होने के बाद सीईओ नियुक्त करने का फैसला लिया गया था.
पीआईबी की एक रिलीज़ के अनुसार, एयर मार्शल मिश्रा को 6 दिसंबर 1986 को फाइटर पायलट के तौर पर भारतीय वायुसेना में कमीशन मिला था. उन्होंने नेशनल डिफेंस एकेडमी, पुणे, एयर फोर्स टेस्ट पायलट्स स्कूल, बेंगलुरु, एयर कमांड एंड स्टाफ कॉलेज, अमेरिका और रॉयल कॉलेज ऑफ डिफेंस स्टडीज, ब्रिटेन से पढ़ाई की है. फाइटर कॉम्बैट लीडर और एक्सपेरिमेंटल टेस्ट पायलट रहे रिटायर्ड एयर मार्शल मिश्रा के पास 3,000 घंटे से ज्यादा उड़ान का अनुभव है. उन्हें ‘अति विशिष्ट सेवा मेडल’ और ‘विशिष्ट सेवा मेडल’ भी मिल चुका है.
ट्रस्ट में तीन और नए सदस्यों को भी शामिल किया गया है. इनमें मदन मोहन पांडेय, महेश भगचंदका और निर्मला यादव शामिल हैं.
CEO का चयन ट्रस्ट द्वारा 5,200 आवेदकों में से 18 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए चुनने के बाद किया गया. जैसा कि दिप्रिंट ने पहले बताया था, इंटरव्यू अगस्त की शुरुआत में शुरू हुए थे.
इंटरव्यू के दौरान उम्मीदवारों से ऐसे सवाल भी पूछे गए थे—‘क्या आप शराब पीते हैं?’, ‘क्या आप जनेऊ पहनते हैं?’ और ‘भगवान राम में आपकी आस्था कितनी मजबूत है?’
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)