scorecardresearch
Monday, 15 June, 2026
होमदेशहैदराबाद में पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में रियल एस्टेट कारोबारी गिरफ्तार

हैदराबाद में पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के आरोप में रियल एस्टेट कारोबारी गिरफ्तार

Text Size:

हैदराबाद, 11 जून (भाषा) हैदराबाद में अपने घर पर अपनी पत्नी की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने के आरोपी एक रियल एस्टेट कारोबारी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

यह घटना 10 जून को तड़के करीब साढ़े चार बजे मलकाजगिरि थाना क्षेत्र में हुई जहां 48 वर्षीय आरोपी ने अपनी 35 वर्षीय दूसरी पत्नी पर कथित तौर पर तीन गोलियां चलाईं, जिससे उसकी मौत हो गई।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया जिसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश और गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया।

मलकाजगिरि जोन के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सी एच श्रीधर ने एक विज्ञप्ति में बताया कि इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने मुख्य आरोपी डी अरुण कुमार को बृहस्पतिवार को मौला अली रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक देसी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, चाकू और अपराध से जुड़ी अन्य आपत्तिजनक सामग्रियां जब्त की हैं।

जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने पहले मृतका की बड़ी बहन से शादी की थी। बाद में, अपनी पहली पत्नी से अलग होने के बाद उसने उसकी छोटी बहन से विवाह कर लिया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और अक्सर उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था, जिसके कारण उसे कई बार मेदक जिले के नरसापुर में अपने रिश्तेदारों के घर शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा था।

जांचकर्ताओं ने यह भी पाया कि आरोपी पहले भी अंबरपेट थाने में दर्ज एक मामले में शामिल रहा था जो हथियार रखने से संबंधित था। उसने वह हथियार कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या करने के उद्देश्य से ही खरीदा था।

उस मामले में उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था।

जमानत पर रिहा होने के बाद वह अपनी दूसरी पत्नी (मृतका) को वापस अपने घर ले आया था।

पुलिस ने बताया कि घटना से पहले के दिनों में वैवाहिक विवाद और बढ़ गया था, जिसके बाद आरोपी ने 10 जून को हथियार से गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।

मामले की जांच जारी है।

भाषा सुमित नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments