नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के सागर जिले में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को लाड़ली बहना योजना की 37वीं किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में राशि ट्रांसफर की. इस दौरान उन्होंने 190 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया. कार्यक्रम में लाड़ली बहना खेल सप्ताह का शुभारंभ किया गया और बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाली छात्राओं को स्कूटी भी प्रदान की गई.
मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों ने हर दौर में देश के मान-सम्मान के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और बड़ी संख्या में उनकी उपस्थिति से उनका उत्साह कई गुना बढ़ गया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में देश ने विकास का स्वर्णिम दौर देखा है और गरीबों को घर, शौचालय, गैस कनेक्शन तथा मुफ्त राशन जैसी सुविधाएं मिली हैं.
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष ने हमेशा लाड़ली बहना योजना पर सवाल उठाए, लेकिन सरकार ने अपना वादा निभाया. उन्होंने तेलंगाना की एक घटना का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर महिलाओं के मुद्दों पर संवेदनहीनता और साजिश रचने का आरोप भी लगाया.