scorecardresearch
Monday, 3 August, 2026
होमदेशरामलीला समिति ने 'रामायण' फ़िल्म को लेकर चिंता जताई, रिलीज़ से पहले फ़िल्म दिखाने की मांग की

रामलीला समिति ने ‘रामायण’ फ़िल्म को लेकर चिंता जताई, रिलीज़ से पहले फ़िल्म दिखाने की मांग की

Text Size:

नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) श्री रामलीला महासंघ ने अभिनेता रणवीर कपूर अभिनीत फिल्म ‘रामायण’ के निर्माताओं को पत्र लिखकर फिल्म की रिलीज से पहले अपने प्रतिनिधियों के लिए विशेष प्रदर्शन की मांग की है।

महासंघ का दावा है कि फिल्म के कुछ दृश्य हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत कर सकते हैं।

महासंघ के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि निर्देशक नितेश तिवारी और फिल्म की निर्माण कंपनी को पत्र भेजकर अनुरोध किया गया है कि दीपावली पर सिनेमाघरों में रिलीज से पहले श्री रामलीला महासंघ के प्रतिनिधिमंडल को फिल्म दिखाई जाए।

कुमार ने वर्ष 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘आदिपुरुष’ का हवाला देते हुए कहा कि उस फिल्म के कई दृश्यों पर सनातन समुदाय और रामलीला से जुड़े लोगों ने आपत्ति जताई थी। उनका दावा है कि इनमें लंका के चित्रण तथा रावण और उसकी सेना को दिखाने के तरीके को लेकर भी आपत्तियां थीं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने ‘आदिपुरुष’ को रिलीज से पहले देखे बिना उसका प्रचार किया था, लेकिन उस फिल्म में रामायण से जुड़ी कई बातों को गलत तरीके से दिखाया गया। हम वही गलती दोबारा नहीं दोहराना चाहते, क्योंकि रामायण अरबों लोगों की आस्था से जुड़ी है।’’

महासंघ का दावा है कि उसे ऐसी जानकारी मिली है कि ‘रामायण’ में कुछ ऐसे दृश्य हैं, जो भारत और विदेशों में रहने वाले हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत कर सकते हैं।

संगठन ने कहा कि वह यह सुनिश्चित करना चाहता है कि यदि फिल्म में कोई आपत्तिजनक दृश्य या संवाद हो तो उसे सार्वजनिक प्रदर्शन से पहले हटा दिया जाए।

कुमार ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग नहीं मानी गई और बिना विशेष प्रदर्शन के फिल्म रिलीज की गई, तो महासंघ अन्य हिंदू संगठनों के साथ मिलकर दिल्ली और अन्य राज्यों में सिनेमाघरों के बाहर विरोध प्रदर्शन करेगा।

भाषा

राखी सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments