चेन्नई, 23 अक्टूबर (भाषा) सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर 2’ ने रिलीज के पहले सप्ताह में दुनियाभर में 549 करोड़ रुपये से अधिक की सकल कमाई की है। निर्माण कंपनी सन पिक्चर्स ने यह जानकारी दी।
निर्माण कंपनी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट में नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी इस एक्शन फिल्म को ‘इंडस्ट्री की मेगा ब्लॉकबस्टर’ बताया और दावा किया कि फिल्म ने तमिल सिनेमा के इतिहास में पहले सप्ताह में सबसे ज्यादा कमाई करने का नया रिकॉर्ड बनाया है।
सन पिक्चर्स ने बृहस्पतिवार शाम को कहा, “रिकॉर्ड बनाने वाली और पुराने रिकॉर्ड तोड़ने वाली फिल्म! दुनियाभर में 549 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई! तमिल सिनेमा के इतिहास में पहले सप्ताह में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म!”
यह फिल्म 15 अक्टूबर को रिलीज हुई थी। यह रजनीकांत की 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जेलर’ का सीक्वल है, जिसमें अभिनेता ने सेवानिवृत्त जेलर मुथुवेल पांडियन की भूमिका निभाई थी।
इस फिल्म में रजनीकांत के साथ निर्देशक नेल्सन और संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर ने फिर से काम किया है। इन तीनों ने पहली फिल्म में भी साथ काम किया था। कलानिधि मारन ने सन पिक्चर्स के बैनर तले इस फिल्म का निर्माण किया है।
भाषा तान्या वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.