जयपुर, 22 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के पहले चरण के लिए बृहस्पतिवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ।
पहले चरण में 16 जिला परिषदों और 104 पंचायत समितियों के लिए मतदान हो रहा है। जिला परिषदों और पंचायत समितियों के सदस्यों का चुनाव करने के लिए 85 लाख से अधिक मतदाता पात्र हैं।
कुल 41 जिला परिषदों और 457 पंचायत समितियों के चुनाव तीन चरणों में कराए जा रहे हैं। इसके अलावा, 14,403 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच के चुनाव भी होने हैं।
पहले चरण में 2,081 सीटों के लिए कुल 6,976 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें जिला परिषद के 293 वार्ड और पंचायत समिति के 1,788 वार्ड शामिल हैं।
पहले चरण में कुल 85,07,306 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं।
ये चुनाव अजमेर, अलवर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, जोधपुर, कोटा, नागौर, पाली, फलोदी, राजसमंद, सिरोही और उदयपुर जिलों में हो रहे हैं।
जिला परिषद की 293 सीटों के लिए 1,693 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि पंचायत समिति की 1,788 सीटों के लिए 5,283 उम्मीदवार मैदान में हैं।
जिला परिषदों में सबसे अधिक 28 वार्ड भीलवाड़ा में हैं। इसके बाद उदयपुर में 25, बाड़मेर में 24 और जयपुर में 22 वार्ड हैं।
जिला परिषद की सीटों के लिए जयपुर में सबसे अधिक 154 उम्मीदवार हैं। इसके बाद बीकानेर में 138 और अलवर तथा जोधपुर में 133-133 उम्मीदवार मैदान में हैं।
पंचायत समिति चुनावों में नागौर में सबसे अधिक 470 उम्मीदवार हैं। इसके बाद बाड़मेर में 467 और भीलवाड़ा में 466 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।
दूसरे चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए 28 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि तीसरे चरण का मतदान तीन नवंबर को होगा।
तीसरे चरण में पंच और सरपंच के चुनाव पांच नवंबर को कराए जाएंगे। इसके बाद छह नवंबर को उपसरपंचों के लिए अप्रत्यक्ष चुनाव होंगे।
भाषा गोला शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.