जयपुर, चार नवंबर (भाषा) राजस्थान के सिरोही जिले में मंगलवार रात सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर आबू रोड थाना क्षेत्र के मावल क्रॉसिंग के पास हुआ।
आबू रोड के थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि आबू रोड से गुजरात के पालनपुर की ओर जा रहे एक ट्रक ने आगे चल रही मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
उन्होंने बताया कि तीनों युवकों को आबू रोड के सरकारी उप-जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सिंह ने कहा कि मृतकों की पहचान माउंट आबू के देलवाड़ा के निवासी प्रकाश और शंकर मीणा तथा आबू रोड निवासी दिनेश उर्फ विनय के रूप में हुई है।
उन्होंने कहा कि तीनों अविवाहित थे और मजदूरी करते थे।
पुलिस के अनुसार ट्रक चालक अपना वाहन वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। भाषा पृथ्वी जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.