जयपुर, चार मई (भाषा) राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को इसका श्रेय दिया।
भाजपा कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मिली है।
उन्होंने कहा, ‘‘आज का दिन ऐतिहासिक है। हमारे नेताओं ने जो सपने देखे थे, वे अब मोदी जी के नेतृत्व में पूरे हो रहे हैं।’’
मुख्यमंत्री ने भाजपा के विचारक श्यामा प्रसाद मुखर्जी का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने एक मजबूत और एकजुट भारत का सपना देखा था। मोदी जी के नेतृत्व में अनुच्छेद 370 को हटाने और सीमावर्ती राज्यों को सशक्त बनाने जैसे कदम उस दृष्टि को पूरा कर रहे हैं।
उन्होंने इस जनादेश को केवल पश्चिम बंगाल ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक हिंसा और कठिनाइयों का सामना किया, लेकिन हार नहीं मानी। यह जीत उनके संघर्ष और समर्पण का परिणाम है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार से भरी हुई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब पश्चिम बंगाल विकास और सुशासन की राह पर आगे बढ़ेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत की वैश्विक स्थिति मोदी जी के नेतृत्व में बेहतर हो रही है।
राज्य भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि यह जीत केंद्रीय नेतृत्व और पार्टी कार्यकर्ताओं के सतत प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा, “नरेन्द्र मोदी, अमित शाह और अन्य नेताओं के नेतृत्व में, जमीनी स्तर पर चलाए गए अभियानों से यह परिणाम हासिल हुआ है। पिछली सरकार की नीयत को जनता ने नकार दिया है।”
उन्होंने कहा कि पहले लोग भयभीत रहते थे और शासन का अभाव था। अब भाजपा सुशासन देगी और सुनिश्चित करेगी कि लोगों को उनके बुनियादी अधिकार मिलें। विकास कार्यों को गति मिलेगी।
इस अवसर पर पूर्व राज्य भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनिया और वरिष्ठ नेता अशोक परनामी सहित अन्य नेता भी मौजूद रहे।
भाषा बाकोलिया संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.