scorecardresearch
Wednesday, 6 May, 2026
होमरिपोर्टबुरहानपुर में सीएम डॉ. मोहन यादव बोले—हर परिस्थिति में व्यापारियों के साथ खड़ी है सरकार

बुरहानपुर में सीएम डॉ. मोहन यादव बोले—हर परिस्थिति में व्यापारियों के साथ खड़ी है सरकार

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार कपास पर लगने वाली ड्यूटी को खत्म करने की कोशिश कर रही है. साथ ही उद्योगपतियों के लिए नए रास्ते और सुविधाएं देने की भी घोषणा की गई है.

Text Size:

भोपाल/बुरहानपुर: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि उनकी सरकार हर हालत में व्यापारियों और उद्योगपतियों के साथ खड़ी है और उनकी हर समस्या को दूर किया जाएगा.

बुरहानपुर के परमानंद गोविंदजीवाला सभागृह में उद्योगपतियों से बातचीत करते हुए सीएम ने कहा कि हमारे उद्यमी फिनिक्स पक्षी की तरह हैं, जो मुश्किलों के बाद भी फिर से उठकर आगे बढ़ते हैं. उन्होंने कहा कि अब उद्योगपतियों की उड़ान और भी ऊंची जाएगी.

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार कपास पर लगने वाली ड्यूटी को खत्म करने की कोशिश कर रही है. साथ ही उद्योगपतियों के लिए नए रास्ते और सुविधाएं देने की भी घोषणा की गई है.

उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काफी मजबूत हुई है. पहले भारत का वैश्विक व्यापार में बड़ा योगदान था, जो बाद में कम हो गया, लेकिन अब देश फिर से आगे बढ़ रहा है.

सीएम ने कहा कि सरकार दिन-रात लोगों के कल्याण के लिए काम कर रही है. 2025 को उद्योग वर्ष और 2026 को किसान कल्याण वर्ष घोषित किया गया है.

उन्होंने यह भी बताया कि कैबिनेट में व्यापारी कल्याण बोर्ड बनाने का फैसला लिया गया है, जो जिला स्तर तक काम करेगा. इसके अलावा निमाड़ इन्वेस्टर्स समिट भी कराई जाएगी और कई पुराने बेकार कानून हटाए गए हैं.

सीएम ने कहा कि बुरहानपुर विकास का महत्वपूर्ण द्वार है और यहां उद्योगों के लिए अच्छा माहौल है. सरकार व्यापार और उद्योग को बढ़ाने के लिए हर संभव कोशिश करेगी.
किसानों के बारे में उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उनकी आय बढ़ाना है और इसके लिए लगातार काम किया जा रहा है.

उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी को बड़ी जीत मिली है और जल्द ही वहां नई सरकार बनती दिखेगी.

share & View comments