नयी दिल्ली, 16 नवंबर (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को अपनी मां सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन के अवसर पर भावुक संबोधन देते हुए कहा कि उनके पिता राजीव गांधी अपनी पत्नी सोनिया पर गर्व करते होंगे।
राहुल गांधी ने अपने संबोधन में माता-पिता के प्रेम, उनके पारिवारिक जीवन और पिता की हत्या के बाद मां के जीवन में आए बदलावों का जिक्र किया।
उन्होंने कहा, ‘‘मम्मी, पापा आपसे प्यार करते थे, लेकिन मैं बता नहीं सकता कि उन्हें आप पर कितना गर्व होता होगा।’’
उनका कहना था कि सोनिया गांधी और राजीव गांधी के बीच गहरा प्रेम था और बचपन में उन्होंने अपने माता-पिता को केवल एक बार झगड़ते देखा था, जब राजीव गांधी फोन पर अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि उनके पिता फोन पर अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे और उसी दौरान उनकी मां कुछ कहना चाह रही थीं। बार-बार अपनी बात दोहराने के बावजूद जब मां को जवाब नहीं मिला तो दोनों के बीच बहस हुई। राहुल ने कहा कि संयोग से यही एकमात्र मौका था जब उन्होंने अपने माता-पिता को झगड़ते देखा।
राहुल गांधी ने अपने माता-पिता की मुलाकात से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि कैम्ब्रिज स्थित ‘वर्सिटी रेस्तरां’ को लेकर उनके परिवार में यह कहानी प्रचलित थी कि उनके माता-पिता पहली बार वहीं मिले थे।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि कई साल बाद वह ‘अपनी गर्लफ्रेंड’ के साथ उस रेस्तरां में गए। वहां के एक कर्मचारी ने उनके माता-पिता को पहचानने का दावा किया और उनसे कहा कि वे दोनों उसे याद हैं।
राहुल ने रेस्तरां में ‘चिकन चॉसर’ नामक पकवान का जिक्र करते हुए हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि अगर किसी को प्यार में पड़ना है तो उसे वर्सिटी रेस्तरां जाना चाहिए, लेकिन वहां चिकन चॉसर खाने से बचना चाहिए।
उन्होंने अपने माता-पिता के बीच के अपनेपन का जिक्र करते हुए कहा कि उनके घर में भोजन के समय उनकी मां अक्सर पिता की गोद में बैठा करती थीं और बचपन में उन्हें लगता था कि हर परिवार में ऐसा ही होता होगा।
राहुल ने कहा कि राजीव गांधी की हत्या ने उनकी मां की जिंदगी को पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने कहा कि उनके पिता के निधन के बाद सोनिया गांधी के व्यक्तित्व में भी बड़ा बदलाव आया। पहले वह बेहद मिलनसार और हंसमुख थीं, लेकिन इस त्रासदी के बाद वह अपने भीतर सिमट गईं।
उन्होंने कहा कि बाद में भारत के गांवों और आम लोगों ने सोनिया गांधी को अपनापन दिया और उन्हें यह एहसास कराया कि वह उनसे जुड़ी हुई हैं।
राहुल ने अपनी मां की दृढ़ता की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से भी लड़ाई लड़ी, लेकिन उन्होंने कभी डर या कमजोरी जाहिर नहीं की। उन्होंने कहा कि उनकी मां अपनी उपलब्धियों और संघर्षों को हमेशा कम करके बताती हैं।
उन्होंने कहा कि इस पुस्तक में उनकी मां के उस व्यक्तित्व की झलक मिलती है, जो राजीव गांधी के निधन से पहले था। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक उनके माता-पिता के प्रेम और उनकी मां के जीवन की एक महत्वपूर्ण यात्रा को सामने लाती है।
भाषा हक
अविनाश
अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.