कोलकाता, दो नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश में ‘अराजकता’ फैलाने वालों का नेतृत्व कर रहे हैं और भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रही विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे हैं।
नवीन ने ‘वोट चोरी’ के खिलाफ विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अभियान का जवाब देने के लिए कोलकाता में एक मार्च का नेतृत्व करने के बाद एक सभा को संबोधित किया।
उन्होंने दिल्ली को ‘राहुल मुक्त’ बनाने का आह्वान भी किया।
नवीन ने इस दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर विदेशी ताकतों के इशारे पर काम करने का आरोप लगाया।
भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि इन ताकतों ने नेपाल और भारत के अन्य पड़ोसी देशों में अशांति फैलाने की साजिश रची थी।
भाजपा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कथित अनियमितताओं और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अभियान के जवाब में देशभर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च शुरू किए हैं।
विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने इन मुद्दों को लेकर रविवार को नयी दिल्ली के रामलीला मैदान में विशाल रैली की थी।
इससे पहले राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक ‘जन महाभियोग’ भी आयोजित किया गया था।
कोलकाता में नवीन ने कॉलेज स्ट्रीट से मध्य कोलकाता के धर्मतला तक मार्च का नेतृत्व किया, इसमें पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य सहित पार्टी के कई अन्य नेता शामिल हुए।
भाजपा अध्यक्ष ने धर्मतला में रैली को संबोधित करते हुए आरोप लगाया, “राहुल गांधी उन ताकतों के हाथों की कठपुतली हैं, जिन्होंने नेपाल और अन्य पड़ोसी देशों में अशांति फैलाने की साजिश रची। वह देशभर में अराजकता फैलाने वाली ताकतों का नेतृत्व कर रहे हैं।”
नवीन ने तंज कसते हुए कहा कि सोनिया गांधी ने ‘प्रतीकात्मक संसद’ आयोजित कर अपने बेटे राहुल गांधी की एक दिन के लिए प्रधानमंत्री बनने की इच्छा पूरी कर दी है।
उन्होंने कहा, “राहुल गांधी के पास कोई दृष्टिकोण नहीं है। कांग्रेस के पूरी तरह राजनीतिक रूप से खत्म होने के लिए वही जिम्मेदार होंगे।”
नवीन ने पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी निशाना साधा और कहा कि राज्य में हार के बाद वह दिल्ली में ‘आंसू बहा रही हैं’।
नवीन ने कहा, “जिस तरह बंगाल को ममता मुक्त किया गया है, उसी तरह हम दिल्ली को राहुल मुक्त करेंगे। हमने 2014, 2019 व 2024 में कांग्रेस और राहुल गांधी को हराया है। हम 2029 में भी ऐसा ही करेंगे।”
उनके इस बयान पर रैली में मौजूद लोगों ने तालियां बजाईं।
उन्होंने कांग्रेस नेता के राजनीतिक रुख पर भी सवाल उठाए।
नवीन ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस सरकार की आलोचना की थी, लेकिन अब वह उसी पार्टी के नेताओं के साथ मंच साझा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, “विधानसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी यहां आए थे और उन्होंने ममता बनर्जी सरकार में भ्रष्टाचार तथा कुशासन के खिलाफ बयान दिए थे। अब दोनों एक ही मंच पर नजर आ रहे हैं।”
नवीन ने दावा किया कि अगर कांग्रेस और राहुल गांधी ने अपनी चुनावी हार से सबक लिया होता, तो वे निर्वाचन आयोग पर निराधार आरोप नहीं लगाते।
नवीन ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दल चुनाव हारने के बाद ही निर्वाचन आयोग सहित संवैधानिक संस्थाओं और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के जरिए कराए जाने वाले चुनावों की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हैं।
उन्होंने सवाल किया, “अगर आपको चुनाव प्रक्रिया से परेशानी है, तो आप केरल और तमिलनाडु में चुनाव प्रक्रिया पर सवाल क्यों नहीं उठाते, जहां विपक्षी दलों को जीत मिली है?”
नवीन ने विपक्षी दलों पर जनता के जनादेश का अनादर करने का भी आरोप लगाया।
भाषा जितेंद्र संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.