scorecardresearch
Monday, 26 October, 2026
होमदेशराहुल गांधी को मानहानि मामले में बरी किया जाना बड़ी जीत: कांग्रेस

राहुल गांधी को मानहानि मामले में बरी किया जाना बड़ी जीत: कांग्रेस

Text Size:

लखनऊ, 26 अक्टूबर (भाषा) सुलतानपुर की विशेष सांसद-विधायक अदालत द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सोमवार को मानहानि के एक मामले में बरी किए जाने को कांग्रेस ने ‘बड़ी जीत’ बताया और दावा किया कि इससे भाजपा की कथित साजिश बेनकाब हो गई है।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे न्यायपालिका के प्रति आम जनता का विश्वास मजबूत हुआ है।

मिश्रा ने एक बयान में कहा, ”भाजपा द्वारा फैलाए गए झूठ और बदनाम करने की एक और साजिश बेनकाब हो गई है।”

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के साथ-साथ नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों और मताधिकार की सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

मिश्रा ने दावा किया कि देशभर के कांग्रेस कार्यकर्ता और आम जनता राहुल गांधी के संघर्ष के साथ खड़े हैं।

अदालत के फैसले के बाद प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई। इस दौरान आराधना मिश्रा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इससे पहले, राहुल गांधी के सोमवार को सुलतानपुर रवाना होने के दौरान लखनऊ हवाई अड्डे पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया।

इस मौके पर राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता प्रमोद तिवारी, पूर्व सांसद पीएल पुनिया, कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सहप्रभारी अब्दुल हन्नान सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

भाषा सलीम रवि कांत शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments