संगरूर, सात जुलाई (भाषा) पंजाब के संगरूर जिले के धूरी शहर में मंगलवार को दो विरोधी गुटों के बीच हुई झड़प में दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
मृतकों की पहचान अनिल कुमार और देव कुमार के रूप में हुई है, जो धूरी के ही रहने वाले थे।
पुलिस के अनुसार, दोपहर के समय कक्कड़वाल चौक पर दोनों गुटों के सदस्यों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई। इस घटना में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि उन्हें तुरंत धूरी के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) गुरप्रीत सिंह ने बताया कि संदिग्धों का पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है। हमलावरों की पहचान के लिए जांच दल इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहा है।
अधिकारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द से जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
डीएसपी ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और शवों के पोस्टमार्टम तथा चिकित्सा रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में हत्या सहित कानून की संबंधित धाराएं जोड़ी जाएंगी।
भाषा सुमित माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.