scorecardresearch
Friday, 1 May, 2026
होमदेशपंजाब पुलिस किसी भी परिस्थिति से निपटने में सक्षम : मान

पंजाब पुलिस किसी भी परिस्थिति से निपटने में सक्षम : मान

Text Size:

चंडीगढ़, 25 अप्रैल (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के खिलाफ सफल अभियान के लिए राज्य पुलिस की प्रशंसा करते हुए कहा कि बल पंजाब में किसी भी कानून व्यवस्था की स्थिति को संभालने के लिए ‘पूरी तरह से सक्षम’ है।

उल्लेखनीय है कि पुलिस ने गत रविवार को मोगा के रोड़े गांव से अमृतपाल को गिरफ्तार किया था। इसी के साथ गत एक महीने से जारी खालिस्तान समर्थक की तलाश समाप्त हो गई थी। वह, 18 मार्च से फरार था।

मान ने मंगलवार को पुलिस महानिदेशक गौरव यादव, विशेष पुलिस महानिदेशक (आंतरिक सुरक्षा) आर एन धोके और विशेष पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) अर्पित शुक्ला सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की।

मान ने ट्वीट किया, ‘‘ आज, पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और इस दौरान पंजाब की कानून व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा हुई।’’

बाद में मुख्यमंत्री ने एक बयान में कहा कि यह सभी के लिए गर्व और संतोष का विषय है कि पंजाब पुलिस राज्य में सामने आने वाली किसी भी अवांछित स्थिति से निपटने में पूरी तरह से सक्षम है।

भाषा धीरज पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments