scorecardresearch
Saturday, 3 October, 2026
होमदेशसुलतानपुर में नवजात की मौत के बाद निजी क्लीनिक सील

सुलतानपुर में नवजात की मौत के बाद निजी क्लीनिक सील

Text Size:

सुलतानपुर (उप्र), तीन अक्टूबर (भाषा) सुलतानपुर जिले में एक निजी क्लीनिक में नवजात शिशु की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने उसे सील कर दिया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, प्रतापगढ़ जिले के महमदपुर निवासी बृजेश निषाद की पत्नी अंजली सुलतानपुर के चांदा कस्बे स्थित अपने मायके आई हुई थीं। शुक्रवार को प्रसव पीड़ा होने पर उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।

आरोप है कि वहां चिकित्सक ने उन्हें निजी अस्पताल ले जाने की सलाह दी। इसके बाद एक आशा कार्यकर्ता उन्हें कस्बे के ‘न्यू आयुषी पॉलीक्लीनिक’ ले गई।

परिजनों का आरोप है कि वहां उपचार में देरी की गई जिससे नवजात की मौत हो गई और प्रसूता की तबीयत बिगड़ गई।

घटना से नाराज परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया और चिकित्सक डॉ. वीके शुक्ला से मारपीट की। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह चिकित्सक को बचाया और अपने साथ ले गई।

घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। परिजनों ने मामले में थाने में तहरीर दी है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (लम्भुआ) रितिक कपूर ने बताया कि नवजात शिशु की मौत और प्रसूता की हालत बिगड़ने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि प्रसूता को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने बताया कि अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने पॉलीक्लीनिक में अनियमितताएं पाए जाने के बाद उसे शुक्रवार शाम सील करने की कार्रवाई की।

अधिकारियों के अनुसार, पिछले साल 30 अक्टूबर को उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रभात दत्त त्रिपाठी ने आयुषी पॉलीक्लीनिक पर छापा मारा था। कार्रवाई के दौरान क्लीनिक का संचालन करने वाले डॉ. डीके यादव और डॉ. रंजना यादव मौके पर नहीं मिले थे। इसके बाद क्लीनिक को सील कर दिया गया था।

भाषा सं जफर खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments