scorecardresearch
Saturday, 7 November, 2026
होमदेशकर्नाटक में पुलिस कार्रवाई में हत्या के मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी, गिरफ्तार

कर्नाटक में पुलिस कार्रवाई में हत्या के मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी, गिरफ्तार

Text Size:

विजयपुरा, सात नवंबर (भाषा) कर्नाटक के विजयपुरा जिले में दो दिन पहले एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या करने का मुख्य आरोपी शनिवार को पुलिस कार्रवाई के दौरान पैर में गोली लगने से घायल हो गया जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान समीर मुल्ला के रूप में हुई है।

इसने कहा कि आरोपी ने पुलिस दल पर कथित तौर पर देसी पिस्तौल तान दी और भागने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी।

पुलिस ने बताया कि इस दौरान हुई हाथापाई में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी और पुलिसकर्मी, दोनों की हालत स्थिर है।

इसने कहा कि विजयपुरा तालुक में टक्के क्षेत्र के निवासी यासीन जुबैर की पांच नवंबर की शाम मुंडेवाडी अस्पताल के बाहर कुछ हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वह उस समय अपनी पत्नी की चिकित्सकीय जांच कराने के बाद अस्पताल से निकल रहा था।

पुलिस अधीक्षक लक्ष्मण बी. निम्बारगी ने बताया कि जुबैर की हत्या के मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने कहा कि दो अन्य संदिग्धों की भी पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जुबैर और मुल्ला एक ही कस्बे के रहने वाले थे और एक-दूसरे को जानते थे। यह घटना कथित तौर पर उनके गुटों के बीच प्रतिष्ठा और वर्चस्व को लेकर हुए विवाद से जुड़ी थी।

निम्बारगी के अनुसार, विवाद की शुरुआत 18 अक्टूबर को टक्के गांव में उर्स के दौरान हुई थी, जब चंदन लगाने की रस्म के समय संगीत बजाने वाली ध्वनि प्रणाली को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘जुबैर और उसके दोस्तों ने मुल्ला तथा अन्य लोगों पर हमला किया था। इस संबंध में 19 अक्टूबर को विजयपुरा ग्रामीण थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी और मारपीट के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इनमें यासीन जुबैर भी शामिल था।’’

पुलिस के अनुसार, यासीन को 25 अक्टूबर को जमानत पर रिहा कर दिया गया था।

पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘मुल्ला और उसके दोस्तों को इस बात से नाराजगी थी कि उन पर हमला करने के बावजूद जुबैर इतनी जल्दी जेल से बाहर आ गया। इसके बाद उन्होंने उसकी हत्या की साजिश रची और पांच नवंबर को उसकी गतिविधियों पर नजर रखी।’’

अधिकारी ने प्रारंभिक जांच का हवाला देते हुए बताया कि हत्या की घटना में छह लोग शामिल थे, जिनमें से चार को पकड़ लिया गया है।

उन्होंने कहा कि पुलिस को मुल्ला के बारे में सूचना मिली थी, जिसके आधार पर एक टीम उसे पकड़ने पहुंची।

निम्बारगी ने कहा, ‘‘आज हमें समीर मुल्ला के बारे में सूचना मिली थी। जब हमारी जांच टीम इस सूचना के आधार पर उसके पास पहुंचा, तो उसने पुलिस पर देसी पिस्तौल तान दी और गिरफ्तारी का विरोध किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद हमारी टीम ने हवा में चेतावनी के तौर पर गोली चलाई और उसे भागने की कोशिश नहीं करने की चेतावनी दी। जब उसने भागने का प्रयास किया, तो पुलिस ने उसके दाहिने पैर में गोली मारकर उसे पकड़ लिया।’’

देसी पिस्तौल कहां से लाई गई थी, इस सवाल पर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों ने राज्य के बाहर से हथियार खरीदे थे। हालांकि, उन्होंने जांच जारी होने का हवाला देते हुए इस संबंध में अधिक जानकारी देने से इनकार कर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले साल भी हमने 25 देसी पिस्तौल बरामद की थीं और इस साल अब तक करीब 11 से 12 पिस्तौल बरामद की जा चुकी हैं। लोग महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, बिहार या उत्तर प्रदेश जैसी जगहों पर जाकर 50,000 रुपये से एक लाख रुपये तक में इन्हें खरीदते हैं। इन हथियारों की आपूर्ति हमारे जिले से नहीं होती।’’

अधिकारी ने बताया कि अब तक की जांच के अनुसार, आरोपी राज्य के बाहर गए थे और घटना से तीन दिन पहले वहां से हथियार लेकर लौटे थे।

भाषा सिम्मी नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments