scorecardresearch
Wednesday, 14 October, 2026
होमदेशपंजाब में मादक पदार्थ विरोधी कार्यकर्ता की हत्या का मुख्य आरोपी राजस्थान से पकड़ा गया: सूत्र

पंजाब में मादक पदार्थ विरोधी कार्यकर्ता की हत्या का मुख्य आरोपी राजस्थान से पकड़ा गया: सूत्र

Text Size:

चंडीगढ़, 14 अक्टूबर (भाषा) पंजाब के मानसा जिले में एक मादक पदार्थ विरोधी कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या करने के मुख्य आरोपी को राजस्थान से पकड़ लिया गया है। सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपी अश्वनी कुमार को राजस्थान के सालासर से हिरासत में लिया गया है।

कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की मंगलवार को दिनदहाड़े उस समय हत्या कर दी गई थी, जब उन्होंने एक बुजुर्ग व्यक्ति को कथित तौर पर नशीले पदार्थ बेचने को लेकर मेडिकल स्टोर चलाने वाले आरोपी से सवाल-जवाब किए थे।

यह पूरा घटनाक्रम झोटा द्वारा फेसबुक पर किए जा रहे सीधे प्रसारण के दौरान कैमरे में रिकॉर्ड हो गया था।

झोटा की हत्या करने के बाद कुमार फरार हो गया था और पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए तलाश अभियान शुरू किया था।

झोटा मादक पदार्थों की लत और दवा विक्रेताओं की दुकानों पर नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जाने जाते थे।

इस हत्याकांड के बाद मानसा शहर में तनाव का माहौल है। झोटा के समर्थकों ने मेडिकल स्टोर में तोड़फोड़ की, जबकि उनके परिजनों ने विरोध में शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है।

पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक को भगाने में मदद करने के आरोप में उसके एक सहयोगी को मंगलवार को गिरफ्तार किया था।

इस हत्या की कई नेताओं ने निंदा की है। विपक्षी दलों ने राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।

विपक्ष ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार पर हमला बोलते हुए राज्य में ‘जंगल राज’ होने का आरोप लगाया।

विपक्ष ने यह भी कहा कि झोटा की हत्या ने मादक पदार्थों के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

भाषा खारी सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments