नयी दिल्ली, 10 अक्टूबर (भाषा) प्रेस क्लब ऑफ इंडिया (पीसीआई) और इंडियन वुमेन्स प्रेस कॉर्प्स (आईडब्ल्यूपीसी) समेत चार पत्रकार संगठनों ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शनों की रिपोर्टिंग कर रहे कई पत्रकारों को हिरासत में लिए जाने और उन्हें परेशान किए जाने की निंदा की।
एक संयुक्त बयान में इन संगठनों ने कहा कि पुलिस ने कई पत्रकारों को उनके प्रेस पहचान पत्र दिखाने के बावजूद हिरासत में लिया और कुछ पत्रकारों के फोन तथा उपकरण जब्त कर लिए।
यह बयान पीसीआई, आईडब्ल्यूपीसी, दिल्ली यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (डीयूजे) और केरल यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स की दिल्ली इकाई ने जारी किया।
संगठनों ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने शनिवार को कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे सैकड़ों प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। पुलिस की कार्रवाई की रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकारों को भी बसों में भरकर छत्रसाल स्टेडियम और चाणक्यपुरी थाने समेत हिरासत केंद्रों में ले जाया गया।
हिरासत में लिए गए लोगों में ‘द क्विंट’, ‘द वायर’, ‘स्क्रॉल’, ‘रिपोर्टर टीवी’, ‘नवभारत टाइम्स’ और ‘न्यूजलॉन्ड्री’ के पत्रकारों के साथ वरिष्ठ पत्रकार परंजॉय गुहा ठाकुरता भी शामिल थे।
बयान में कहा गया, ‘‘पत्रकारों ने बताया कि वे प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की घटनाओं की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे थे और उनके प्रेस कार्ड स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे थे, इसके बावजूद उन्हें हिरासत में लिया गया।’’
भाषा शफीक अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.