नयी दिल्ली, दो नवंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तीन नवंबर को पुणे मेट्रो की लाइन-3 (पिंक लाइन) का उद्घाटन करेंगे और दूसरे चरण के तहत चार नए मेट्रो कॉरिडोर की आधारशिला रखेंगे, जिन पर करीब 21,800 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पीएमओ के एक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री अपराह्न 12:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से 23 किलोमीटर लंबे पिंक लाइन कॉरिडोर का उद्घाटन करेंगे। इस लाइन को 8,300 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है।
यह कॉरिडोर मान से जिला न्यायालय मेट्रो स्टेशन तक जाएगा। इससे हिंजेवाड़ी आईटी हब और शिवाजीनगर के बीच सीधी मेट्रो संपर्क की सुविधा मिलेगी।
इस मेट्रो कॉरिडोर से हजारों आईटी पेशेवरों का रोजाना आवागमन आसान होने, सड़कों पर यातायात का दबाव कम होने और निजी वाहनों पर निर्भरता घटने की उम्मीद है।
इस तरह की पहली पहल के तहत पूरी पिंक लाइन का संचालन महिला कर्मचारी करेंगी। इसके अलावा, इस कॉरिडोर की करीब 30 प्रतिशत बिजली की जरूरत सौर ऊर्जा से पूरी की जाएगी।
प्रधानमंत्री लगभग 13,500 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से पुणे मेट्रो चरण-2 की आधारशिला रखेंगे, जिसमें लाइन 2ए, 2बी, 4 और 4ए शामिल हैं।
लाइन 2ए और 2बी मौजूदा पूर्व-पश्चिम मेट्रो नेटवर्क का विस्तार करेंगी। इनके जरिए वनाज को चांदनी चौक और रामवाड़ी को विट्ठलवाड़ी से जोड़ा जाएगा। वहीं, लाइन-4 खराडी से खड़कवासला तक जाएगी, जबकि लाइन-4ए नल स्टॉप को मानिक बाग से जोड़ेगी।
भाषा
प्रचेता नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.