scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशप्रधानमंत्री मोदी 14 अप्रैल को एम्स-गुवाहाटी का उद्घाटन करेंगे

प्रधानमंत्री मोदी 14 अप्रैल को एम्स-गुवाहाटी का उद्घाटन करेंगे

Text Size:

गुवाहाटी, 12 मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को असम की राजधानी गुवाहाटी में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के नवनिर्मित परिसर का उद्घाटन करेंगे। एम्स, गुवाहाटी के एक शीर्ष अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

एम्स, गुवाहाटी में 150 बिस्तरों की सुविधा है और यह 14 अप्रैल से ही काम करना शुरू कर देगा।

एम्स, गुवाहाटी के कार्यकारी निदेशक अशोक पुराणिक ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि एम्स, गुवाहाटी में रोगी देखभाल सेवाएं पिछले साल अगस्त से टेलीमेडिसिन के साथ शुरू हुई थीं और स्थानीय लोगों के लिए सीमित बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) सेवा सितंबर में शुरू हुई थी।

उन्होंने कहा कि परियोजना स्थल पर 85 प्रतिशत निर्माण कार्य पहले ही पूरा हो चुका है।

अशोक पुराणिक ने कहा कि अधिकांश क्लिनिकल विभाग कार्य कर रहे हैं और ओपीडी में प्रति दिन औसतन 150 रोगियों को देखा जा रहा है। एम्स की सेवाओं में डे केयर, फार्मेसी, प्रयोगशाला सुविधाएं और रेडियोलॉजिकल जांच शामिल हैं।

अशोक पुराणिक ने कहा, ‘‘ हम 14 अप्रैल से 150 बिस्तरों की सुविधा के साथ काम शुरू करने के लिए छोटे-छोटे कदम उठा रहे हैं, लेकिन अगले तीन या चार वर्षों के भीतर, अस्पताल 750 बिस्तरों की क्षमता के साथ पूरी तरह कार्यात्मक हो जाएगा। ’’

भाषा रवि कांत पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments