नयी दिल्ली, 15 अगस्त (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को केंद्र की वर्तमान सरकार के तहत रेलवे के विद्युतीकरण की गति को रेखांकित करते हुए कहा कि 90 साल में 30 प्रतिशत के मुकाबले पिछले 10 साल में 70 प्रतिशत रेलवे नेटवर्क का विद्युतीकरण किया गया।
देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि रेलवे का विद्युतीकरण 1925 में शुरू हुआ था लेकिन अगले 90 वर्षों में केवल 30 प्रतिशत नेटवर्क का विद्युतीकरण किया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने सिर्फ एक दशक में 100 प्रतिशत विद्युतीकरण पूरा कर लिया है। 90 साल में 30 प्रतिशत और 10 साल में 70 प्रतिशत काम की गति है।’’
उन्होंने कहा कि विद्युतीकरण से आयातित डीजल को बचाने में मदद मिली है और पर्यावरण को फायदा हुआ है क्योंकि ट्रेनें तेजी से बिजली से संचालित हो रही हैं।
मोदी ने हरित हाइड्रोजन ट्रेन क्षेत्र में भारत के प्रवेश पर भी प्रकाश डाला और कहा कि देश ने हरित हाइड्रोजन से चलने वाली एक ट्रेन शुरू की है।
उन्होंने कहा, ‘‘खास बात यह है कि यह सबसे लंबी और सबसे शक्तिशाली ट्रेन है। भारत ने दुनिया में हाइड्रोजन ट्रेन के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाई है।’’
भारत की पहली स्वदेशी हाइड्रोजन संचालित ट्रेन को मोदी ने 17 जुलाई, 2026 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था, जो रेलवे में हाइड्रोजन आधारित तकनीक को अपनाने की दिशा में एक कदम है। यह सेवा हरियाणा में उत्तर रेलवे के 89 किलोमीटर लंबे जींद-सोनीपत खंड पर चलती है।
भाषा ब्रजेन्द्र ब्रजेन्द्र रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.