नयी दिल्ली, एक अक्टूबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की सराहना करते हुए उन्हें ‘‘नायक’’ करार दिया।
मच्छार ने दुबई-तेल अवीव की फ्लाईदुबई उड़ान के सह-पायलट का मुकाबला किया, जो कथित तौर पर विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने का प्रयास कर रहा था।
मोदी ने कहा कि सैकड़ों लोगों की जान बचाने और बड़ी त्रासदी टालने में मदद करने वाले पायलट के साहस पर देश को गर्व है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि गंभीर खतरे का सामना करते हुए और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने दूसरों की जान बचाने के लिए अदम्य साहस और अटूट संकल्प दिखाया।
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कैप्टन स्मित मच्छार एक नायक हैं।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उनके साहस ने सैकड़ों लोगों की जान बचाने और एक बड़ी त्रासदी टालने में मदद की। भारत को कैप्टन मच्छार पर गर्व है।’’
प्रधानमंत्री ने पायलट के जल्द स्वस्थ होने और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
भाषा गोला शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.