मदुरै (तमिलनाडु), 29 नवंबर (भाषा) तमिलनाडु के मदुरै जिले की तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित उच्ची पिल्लयार मंदिर के नजदीक श्रद्धालुओं को 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक दीपक जलाने की अनुमति दी गई है। उच्चतम न्यायालय द्वारा अरुलमिगु सुब्रमण्य स्वामी मंदिर के लिए नियुक्त प्रशासनिक रिसीवर ने रविवार को यह जानकारी दी।
दोनों रिसीवर द्वारा संयुक्त रूप से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, श्रद्धालुओं की पूजा-अर्चना और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस दौरान आम लोगों को सुबह 10 बजे से शाम 4.30 बजे के बीच दीपक जलाने की अनुमति होगी।
मंदिर के रिसीवर ने भक्तों और आम जनता से अपील की कि वे प्रशासनिक अधिकारियों और केंद्रीय सुरक्षा बलों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, शांतिपूर्ण ढंग से दीप जलाने में पूरा सहयोग दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखें।
इससे पहले, उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुसार, 28 नवंबर को शाम करीब पांच बजे तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी के ऊपर बने पाषाण दीप स्तंभ ‘दीपथून’ पर ‘तिरुकार्तिगई दीपम’ प्रज्वलित किया गया। यह प्रक्रिया न्यायायल द्वारा रिसीवर के तौर पर नियुक्त मेघालय उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एस. वैद्यनाथन और मद्रास उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति वी. पार्थिबन की सीधी देखरेख में संपन्न हुई।
भाषा धीरज नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.