scorecardresearch
Monday, 26 October, 2026
होमदेशरालोजपा पदाधिकारियों समेत 50 से अधिक नेता और कार्यकर्ता उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएम में शामिल हुए

रालोजपा पदाधिकारियों समेत 50 से अधिक नेता और कार्यकर्ता उपेंद्र कुशवाहा की आरएलएम में शामिल हुए

Text Size:

नयी दिल्ली, 26 अक्टूबर (भाषा) बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजे आने से एक दिन पहले राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी ( रालोजपा) के पदाधिकारियों सहित विभिन्न संगठनों के 50 से अधिक नेता और कार्यकर्ता सोमवार को उपेंद्र कुशवाहा नीत राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) में शामिल हो गए।

आरएलएम प्रमुख और राज्यसभा सदस्य कुशवाहा ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि वे बिहार, दिल्ली और अन्य राज्यों में पार्टी के संगठन को मजबूत करेंगे।

पार्टी में शामिल होने वाले प्रमुख नेताओं में रालोजपा के राष्ट्रीय महासचिव और राष्ट्रीय श्रमिक प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रामजी सिंह, रालोजपा के राष्ट्रीय सचिव वेम्पल्ली अमानुल्ला और कर्नाटक इकाई के उपाध्यक्ष दिव्यांशु विकास शामिल हैं।

कुशवाहा ने यहां आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नए सदस्यों में से कई लंबे समय तक रालोजपा के संस्थापक एवं अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस के साथ काम कर चुके हैं और अपने-अपने संगठनों में सक्रिय रहे हैं।

कुशवाहा ने कहा, ‘‘उन्होंने जहां भी काम किया है, वहां अपने संगठनों और लोगों की प्रतिबद्धता के साथ सेवा की है।’’

कुशवाहा ने विश्वास जताया कि नए सदस्य पार्टी को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘केवल बिहार ही नहीं, बल्कि बिहार के बाहर दिल्ली और अन्य राज्यों में भी ये लोग पार्टी को काफी मजबूती देंगे।’’

कुशवाहा ने कहा, ‘‘हम रामजी बाबू और अमानुल्ला जी से बात करेंगे और उसके आधार पर संगठन में जो लोग जिन पदों के लिए उपयुक्त होंगे, उन्हें वे जिम्मेदारियां दी जाएंगी।’’

उन्होंने कहा कि नए सदस्य अपने अनुभव के अनुरूप जिम्मेदारियां संभालकर पार्टी को मजबूत बनाने में योगदान दे सकते हैं।

सिंह ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2001 में अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था। वह राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राष्ट्रीय महासचिव सहित संगठन में कई पदों पर रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं का देशव्यापी नेटवर्क तैयार करने में भी उन्होंने योगदान दिया है।

उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड के उनके सहयोगी भी आरएलएम में शामिल हुए हैं।

पार्टी में शामिल होने के अपने फैसले के बारे में सिंह ने कहा कि वह वर्ष 2014 से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का समर्थन करते रहे हैं और कुशवाहा की समाजवादी विचारधारा से प्रभावित हैं।

अमानुल्ला ने बताया कि उन्होंने आंध्र प्रदेश में कांग्रेस के राज्य सचिव के रूप में अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था और बाद में रालोजपा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि वह आरएलएम की विचारधारा तथा संप्रभुता, धर्मनिरपेक्षता और लोकतंत्र पर उसके जोर से प्रभावित हैं।

अमानुल्ला ने पार्टी में स्वागत करने के लिए कुशवाहा का आभार जताते हुए कहा कि वह जमीनी स्तर से शुरुआत करते हुए दक्षिण भारत में संगठन का विस्तार करने में मदद करेंगे।

भाषा शोभना दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments