scorecardresearch
Monday, 14 September, 2026
होमदेशगुरुग्राम: ऑपरेशन सफेद सागर के पूर्व सैनिक पर पार्किंग स्टाफ ने ‘लोहे की रॉड से हमला किया’

गुरुग्राम: ऑपरेशन सफेद सागर के पूर्व सैनिक पर पार्किंग स्टाफ ने ‘लोहे की रॉड से हमला किया’

ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता (रिटायर्ड), जो 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान IAF की ऑपरेशन सफेद सागर टीम का हिस्सा थे, शिकायत के मुताबिक सिर में चोट लगी और हाथ में फ्रैक्चर हुआ.

Text Size:

नई दिल्ली: कारगिल युद्ध के एक पूर्व सैनिक के सिर में चोट लगी और हाथ में फ्रैक्चर हो गया. आरोप है कि गुरुग्राम के एक रेस्टोरेंट में परिवार के साथ डिनर के लिए गए थे, जहां पार्किंग कर्मचारी ने उन पर लोहे की रॉड से हमला किया.

ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता (रिटायर्ड), जो पाकिस्तान के खिलाफ 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना की ऑपरेशन सफेद सागर टीम का हिस्सा थे, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कोई सुरक्षा कर्मचारी उनकी मदद के लिए आगे नहीं आया और पुलिस की टीम भी करीब 30 मिनट बाद पहुंची.

रविवार को दर्ज कराई गई शिकायत में गुप्ता ने पुलिस को बताया कि यह घटना 10 सितंबर को हुई, जब वह मैग्नम ग्लोबल पार्क स्थित गोंजो रेस्टोरेंट गए थे.

शिकायत के मुताबिक, वह रात करीब 8 बजे अपने परिवार को रेस्टोरेंट पर छोड़कर पार्किंग की जगह तलाशने गए थे.

गुप्ता ने आरोप लगाया कि वहां के स्टाफ ने उन्हें अलग-अलग जगहों पर भेजा—वैलेट, बेसमेंट और मल्टी-लेवल पार्किंग और बाद में उनकी कार पार्क करने से इनकार कर दिया.

गुप्ता के कार को पीछे करने की कोशिश करने पर स्थिति बिगड़ गई. उन्होंने कहा कि एक कर्मचारी ने कार की विंडशील्ड को नुकसान पहुंचाने की कोशिश में उस पर वार किया. इसके बाद कर्मचारी कथित तौर पर “लोहे की रॉड” लेकर वापस आया और उनके “हाथ और फिर सिर पर मारा, जिससे खून निकलने लगा”.

रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन ने अपनी शिकायत में आगे आरोप लगाया कि पुलिस कम से कम 30 मिनट बाद पहुंची और “मौजूद किसी भी सुरक्षा कर्मचारी ने उनकी मदद नहीं की”. गुप्ता को उनका परिवार इलाज के लिए मेदांता अस्पताल ले गया, जहां उनकी चोटों का इलाज किया गया.

शिकायत के आधार पर गुरुग्राम पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है.

एसीपी अभिलक्ष जोशी ने कहा, “10 सितंबर 2026 की रात गुरुग्राम पुलिस को गुरुग्राम के सेक्टर-65 थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के साथ मारपीट की जानकारी मिली. सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित से मिली.”

उन्होंने कहा कि गुरुग्राम पुलिस घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है. “आरोपी की पहचान कर ली गई है और कानून के मुताबिक उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.”

‘ऑपरेशन सफेद सागर’ 1999 में कारगिल सेक्टर में भारतीय कब्जे वाले इलाके से पाकिस्तानी घुसपैठियों को हटाने के लिए आईएएफ का अभियान था. नेटफ्लिक्स ने हाल ही में इस ऐतिहासिक अभियान को श्रद्धांजलि देने वाली एक सीरीज रिलीज की है.

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)


यह भी पढ़ें: भाजपा-राजग शासित राज्यों में 2029 तक यूसीसी लागू होना लैंगिक समानता की दिशा में बड़ा कदम: विहिप


 

share & View comments