scorecardresearch
Saturday, 23 May, 2026
होमदेशनोएडा में ऑनलाइन परीक्षा में धांधली कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, सात लोग गिरफ्तार

नोएडा में ऑनलाइन परीक्षा में धांधली कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़, सात लोग गिरफ्तार

Text Size:

नोएडा (उप्र), 22 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) द्वारा आयोजित ऑनलाइन परीक्षा 2026 में धांधली कराने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी सहित सात लोगों को शुक्रवार शाम को गिरफ्तार किया।

एसटीएफ ने आरोपियों के पास से 50 लाख रुपये नगद, 10 मोबाइल फोन, पांच लैपटॉप, एक राउटर, अभ्यर्थियों की एक सूची, दो प्रवेश पत्र आदि बरामद किए हैं। ये लोग एक अभ्यर्थी से नकल कराने के एवज में चार लाख रुपये तक वसूलते थे।

उत्तर प्रदेश एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक (नोएडा यूनिट) राजकुमार मिश्रा ने बताया कि एसटीएफ को सूचना मिली कि 22 मई को कर्मचारी चयन आयोग द्वारा कराई जा रही ऑनलाइन परीक्षा (सीएपीएफ और एसएसएफ) में कांस्टेबल (सामान्य ड्यूटी) और असम राइफल में राइफल मैन परीक्षा में कुछ लोग धांधली कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर एक पुलिस टीम बनाई गई तथा थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में स्थित एक स्कूल के कैंपस में किराए पर चल रहे बालाजी डिजिटल जोन में आयोजित परीक्षा में धांधली करवा रहे प्रदीप चौहान, संदीप भाटी, अमित राणा, शाकिर मलिक तथा विवेक कुमार को गिरफ्तार किया है।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में विवेक और शाकिर अभ्यर्थी हैं।

उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान एसटीएफ को पता चला है कि आरोपी एक अभ्यर्थी से चार लाख रुपये लेकर उन्हें ऑनलाइन परीक्षा में नकल करवा रहे थे।

मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना नॉलेज पार्क में मुकदमा दर्ज किया गया है।

भाषा सं गोला

गोला

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments