भोपाल, चार मई (भाषा) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदर्शन की सराहना करते हुए सोमवार को कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्मा आज “अभिभूत” होगी।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, 294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा में भाजपा करीब 200 सीटों पर जीत की ओर अग्रसर है।
चौहान ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “एक कार्यकर्ता के रूप में मेरा हृदय भावुक है। एक संकल्प पूरा हुआ है, एक सपना साकार हुआ है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्मा आज अभिभूत होगी।”
इस दौरान उन्होंने पत्रकारों को पूर्वी भारत का लोकप्रिय नाश्ता ‘झालमुड़ी’ भी परोसा। झालमुड़ी मुरमुरे से बना एक स्नैक है जो पश्चिम बंगाल सहित पूर्वी भारत के कई हिस्सों में लोकप्रिय है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बंगाल में मिली यह जीत “अद्भुत और असाधारण” है।
चौहान ने कहा, “पूरा देश मानता है कि यह तभी संभव है जब मोदी हैं। यह उनके प्रति अपार सम्मान और विश्वास का प्रतीक है।”
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह परिणाम ‘विकसित भारत’ के विचार की जीत है और सस्ती वोट बैंक की राजनीति को जनता ने नकार दिया है।
उन्होंने कहा, “कमल अब पूरे पूर्वी भारत में खिल गया है।”
चौहान ने असम में भाजपा के प्रदर्शन को उत्कृष्ट बताया, जबकि तमिलनाडु में “सिर्फ मोदी विरोध की राजनीति करने वालों” को जनता ने नकार दिया।
उन्होंने कहा कि पुडुचेरी में भी भाजपा और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार फिर बनने जा रही है।
उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह की रणनीति की सराहना की और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को भी बधाई दी।
भाषा
दिमो रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.