scorecardresearch
Monday, 2 November, 2026
होमदेशउमर ने जम्मू में आग से प्रभावित बाजार पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया, सहायता का आश्वासन दिया

उमर ने जम्मू में आग से प्रभावित बाजार पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया, सहायता का आश्वासन दिया

Text Size:

जम्मू, दो नवंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जम्मू रेलवे स्टेशन के पास आग से तबाह हुए शिव मार्केट पहुंचकर सोमवार को नुकसान का जायजा लिया।

पिछले सप्ताह रविवार देर रात हुई इस घटना में दर्जनों दुकानें जलकर खाक हो गई थीं और व्यस्त कारोबारी इलाके में मलबे का ढेर लग गया था।

मुख्यमंत्री ने प्रभावित दुकानदारों को आश्वासन दिया कि आग की घटनाओं से उत्पन्न मुश्किलों से उबरने में उनकी सरकार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि उमर ने आग से हुई तबाही का आकलन किया और उन व्यापारियों से बातचीत की, जिन्हें इस घटना में भारी आर्थिक नुकसान हुआ।

उमर ने आग से हुए नुकसान और व्यापारियों को हो रही परेशानियों पर चिंता जताई।

जम्मू चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने मुख्यमंत्री को आग की घटनाओं के कारण व्यापारियों को हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने उमर को दुकानों, सामान और कारोबार से जुड़ी अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान से अवगत कराया।

गुप्ता ने साथ ही, प्रभावित दुकानदारों की समस्याओं और चिंताओं को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और परिवहन मंत्री जावेद अहमद राणा ने पिछले सप्ताह प्रभावित दुकानदारों से अलग-अलग मुलाकात की थी।

उन्होंने इस दौरान स्थिति का जायजा लिया और पीड़ितों के प्रति एकजुटता जताई।

मंत्रियों ने प्रभावित व्यापारियों को आश्वासन दिया कि सरकार उनकी परेशानियों से पूरी तरह अवगत है और इस मुश्किल समय में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

उन्होंने बताया कि सभी प्रभावित दुकानदारों के राहत संबंधी मामले जिला प्रशासन पहले ही मुख्यमंत्री के पास विचार और उचित वित्तीय सहायता की मंजूरी के लिए भेज चुका है।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments