पुरी, 27 जून (भाषा) ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ के स्नान अनुष्ठान के सोमवार से शुरू हो रहे आयोजन के लिए शहर भर में त्वरित कार्रवाई दल (क्यूएटी) और श्वान दस्तों को तैनात किया गया है।
इसके अलावा छह सूत्रीय कार्ययोजना के तहत छतों पर निगरानी व्यवस्था और एक एकीकृत नियंत्रण केंद्र भी स्थापित किया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राज्य पुलिस ने करीब चार लाख श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना के मद्देनजर व्यापक तैयारियां की हैं ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस महानिरीक्षक (सेंट्रल रेंज) सत्यजीत नाइक ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा के बाद बताया कि इस अवसर पर विशेष इकाइयों के सहयोग से पुलिस बल की 79 प्लाटूनों के साथ कई दक्ष इकाइयों तथा अधिकारियों को भी तैनात किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उन्नत सुरक्षा उपायों के तहत क्यूएटी, श्वान दस्ते, छतों पर निगरानी, एकीकृत कमांड एवं नियंत्रण केंद्र (आईसीसीसी) के माध्यम से निगरानी, दंगा-रोधी जांच और समुद्री सुरक्षा व्यवस्थाएं भी की गई हैं।
अधिकारी ने बताया कि पूरे उत्सव के दौरान सहायता केंद्र, पुलिस नियंत्रण कक्ष, चिकित्सा सहायता केंद्र व वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष सहायता सेवाएं लगातार चलती रहेंगी।
भाषा जितेंद्र शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.