scorecardresearch
Thursday, 30 July, 2026
होमदेशओडिशा: बाढ़ प्रभावित बालासोर में गर्भवती महिला को बचाने पर माझी ने की बचाव दल की सराहना

ओडिशा: बाढ़ प्रभावित बालासोर में गर्भवती महिला को बचाने पर माझी ने की बचाव दल की सराहना

Text Size:

भुवनेश्वर, 30 जुलाई (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बृहस्पतिवार को बालासोर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से एक गर्भवती महिला को सुरक्षित निकालने वाले आपदा प्रतिक्रिया दलों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार संकट की इस घड़ी में हर नागरिक की सुरक्षा और आवश्यक सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

दिल्ली से बाढ़ की स्थिति पर नज़र रख रहे माझी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘आपकी सुरक्षा और सेवा हमारी सबसे पहली प्राथमिकता है। बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच बालासोर जिले के भागीरथीपुर गांव की एक गर्भवती महिला को सुरक्षित निकालकर समय पर अस्पताल पहुंचा दिया गया है। हमारी सरकार संकट के इस समय में हर जीवन की रक्षा और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।’

राज्य सरकार के अनुसार, बाढ़ के कारण अबतक तीन लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई लोगों को विषम परिस्थितियों से सुरक्षित निकाला गया है।

इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि नुआपाड़ा जिले के बोडेन ब्लॉक स्थित दरागांव के पास बीरीघाट नदी में फंसे 27 लोगों को खरियार अग्निशमन केंद्र के कर्मियों ने एक सफल संयुक्त अभियान चलाकर सुरक्षित किनारे पहुंचा दिया। बचाए गए लोगों में 20 पुरुष, चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं।

शुरुआत में आठ लोगों के फंसे होने की सूचना मिली थी, लेकिन राहत एवं बचाव दलों ने तलाश जारी रखी और सभी 27 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया। त्वरित प्रतिक्रिया और बेहतर तालमेल से चलाए गए इस अभियान के कारण एक बड़ा हादसा टल गया।

ओडिशा के विशेष राहत आयुक्त (एसआरसी) राजेश प्रभाकर पाटिल ने बताया कि संवेदनशील इलाकों में राष्ट्रीय और राज्य स्तर के कुल 123 राहत एवं बचाव दल तैनात किए गए हैं। इनमें राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की छह, राज्य आपदा मोचन बल (ओडीआरएएफ) की 14 और अग्निशमन सेवा की लगभग 103 टीमें शामिल हैं।

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments