scorecardresearch
Thursday, 30 July, 2026
होमरिपोर्टगुरु पूर्णिमा पर CM योगी ने काशी विश्वनाथ और काल भैरव के दर्शन किए, लोक कल्याण की कामना

गुरु पूर्णिमा पर CM योगी ने काशी विश्वनाथ और काल भैरव के दर्शन किए, लोक कल्याण की कामना

मुख्यमंत्री सबसे पहले काशी के 'कोतवाल' बाबा काल भैरव मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की. मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया. मुख्यमंत्री ने भी हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया.

Text Size:

वाराणसी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को गुरु पूर्णिमा के मौके पर काशी के बाबा काल भैरव और श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन किया. उन्होंने बाबा से प्रदेश और देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और लोक कल्याण की कामना की. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सावन के महीने में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री सबसे पहले काशी के ‘कोतवाल’ बाबा काल भैरव मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की. मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया. मुख्यमंत्री ने भी हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया.

इसके बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे. उन्होंने बाबा विश्वनाथ के गर्भगृह में जाकर षोडशोपचार विधि से पूजा-अर्चना की. उन्होंने प्रदेश और देश के लोगों की सुख, शांति, समृद्धि और लोक कल्याण की प्रार्थना की. मुख्यमंत्री के मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाए.

गुरु पूर्णिमा के मौके पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में मौजूद अधिकारियों को सावन में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए आसान दर्शन, सुरक्षा, साफ-सफाई और दूसरी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि सभी भक्तों को व्यवस्थित तरीके से दर्शन मिल सकें.

दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों को चॉकलेट दी और उनसे प्यार से मिले. मुख्यमंत्री के इस व्यवहार से बच्चे और उनके परिवार उत्साहित नजर आए.

दर्शन-पूजन के दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, राज्यसभा सांसद तरुण चुग और प्रदेश के समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण समेत अन्य लोग मौजूद रहे.

share & View comments