भुवनेश्वर, 22 अक्टूबर (भाषा) ओडिशा सतर्कता विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को सात स्थानों पर छापेमारी के दौरान एक सरकारी अभियंता की कथित संपत्ति का पता लगाया। इनमें तीन बहुमंजिला इमारतें, एक फार्महाउस, तीन महंगे भूखंड और 550 ग्राम सोना शामिल हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह छापेमारी जाजपुर जिले के बड़चना अनुमंडल में सड़क एवं भवन विभाग में सहायक कार्यकारी अभियंता (एईई) के पद पर तैनात तपन सेठी पर आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों के बाद उनके परिसरों पर की गई।
सतर्कता विभाग के अधिकारियों के अनुसार, कटक, भुवनेश्वर, पुरी और जाजपुर जिले के बड़चना में सात जगहों पर तलाशी ली गई। इस दौरान भुवनेश्वर, पुरी और कटक में तीन बहुमंजिला इमारतें, कटक में एक फार्महाउस, भुवनेश्वर और कटक में तीन महंगे भूखंड और 550 ग्राम सोना मिला।
उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान दो कार, दो मोटरसाइकिल और एक बैंक लॉकर भी मिला है।
विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘लॉकर को अभी खोला जाना बाकी है। अन्य वित्तीय निवेशों का पता लगाया जा रहा है।’’
उन्होंने बताया कि अभी और तलाशी ली जा रही है।
सेठी 1997 में कनिष्ठ अभियंता (सिविल) के तौर पर ओडिशा सरकार की सेवा में शामिल हुए थे, तब उनका शुरुआती मासिक वेतन 5,000 रुपये था। 2018 में उन्हें सहायक अभियंता और 2022 में एईई के पद पर पदोन्नति मिली।
सूत्रों के मुताबिक, वह अक्टूबर 2023 से ‘सड़क और भवन विभाग’ के बड़चना अनुमंडल में एईई के रूप में कार्यरत हैं।
भाषा सुरभि रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.