scorecardresearch
Thursday, 20 August, 2026
होमदेशओडिशा के मुख्यमंत्री ने एससीबी मेडिकल कॉलेज में अतिरिक्त ब्लॉक के निर्माण का निर्देश दिया

ओडिशा के मुख्यमंत्री ने एससीबी मेडिकल कॉलेज में अतिरिक्त ब्लॉक के निर्माण का निर्देश दिया

Text Size:

भुवनेश्वर, 19 अगस्त (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मेडिसिन विभाग के लिए एक अतिरिक्त भवन बनाया जाए।

माझी ने संस्थान के बुनियादी ढांचे और अन्य सुविधाओं में सुधार के जरिये इसे विश्वस्तरीय स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित करने के लिए आयोजित प्रगति समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिया।

मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, बैठक में अधिकारियों ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में चार नए चिकित्सा भवनों और एक आवासीय भवन का निर्माण तेजी से किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने मेडिसिन विभाग के लिए एक और भवन बनाने का निर्देश देते हुए अधिकारियों से इसके लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित कर जल्द प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले हजारों मरीजों और उनके परिजनों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नए चिकित्सा भवनों का निर्माण तेजी से पूरा किया जाना चाहिए।

माझी ने राउरकेला के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थल हनुमान वाटिका के विकास और आसपास के क्षेत्रों के कायाकल्प की भी समीक्षा की।

इस बीच, राज्य सरकार ने खुर्दा जिले के जटनी में स्थापित किए जा रहे होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र के लिए आवश्यक अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है।

यह अस्पताल केंद्र सरकार के परमाणु ऊर्जा विभाग के तहत टाटा मेमोरियल अस्पताल की तर्ज पर स्थापित किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि टाटा स्टील फाउंडेशन भी इसके लिए वित्तीय सहायता दे रहा है।

प्रस्तावित अस्पताल में बिस्तरों की संख्या 200 से बढ़ाकर 385 किए जाने के कारण इसकी अनुमानित लागत बढ़ गई है।

बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य सरकार ने अतिरिक्त लागत स्वयं वहन करने का निर्णय लिया है।

भाषा खारी वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments