नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में आयोजित UP-Japan Investment Meet 2026 के उद्घाटन और दो परियोजनाओं की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में जापान और भारत की प्रमुख कंपनियों ने राज्य को निवेश, मैन्युफैक्चरिंग और रोजगार के लिए तेजी से उभरता केंद्र बताया. कुबोटा कॉरपोरेशन जापान और स्पार्क मिंडा कॉरपोरेशन के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रदेश में अपने निवेश और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी.
कुबोटा के प्रेसिडेंट एवं सीईओ शिंगो हानाडा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में नई मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी की ग्राउंड ब्रेकिंग कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दर्शाती है. उन्होंने राज्य में उपलब्ध इंफ्रास्ट्रक्चर, कुशल मानव संसाधन और सरकार के सहयोग की सराहना की.
स्पार्क मिंडा के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर आकाश मिंडा ने कहा कि कंपनी की उत्तर प्रदेश में 40 वर्षों से अधिक समय से मौजूदगी है और वर्तमान में 9,000 से ज्यादा लोगों को रोजगार दिया जा रहा है. उन्होंने बताया कि कंपनी एडवांस टेक्नोलॉजी, ऑटो पार्ट्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, इलेक्ट्रॉनिक्स और डिजाइन एवं डेवलपमेंट सेंटर में निवेश बढ़ाने की तैयारी कर रही है.
मिंडा ने कहा कि विस्तार के साथ कंपनी 6,000 से 8,000 अतिरिक्त रोजगार पैदा करने की दिशा में काम करेगी. उन्होंने जापानी तकनीक और उत्तर प्रदेश की मैनपावर, इंफ्रास्ट्रक्चर व बड़े बाजार को वैश्विक मैन्युफैक्चरिंग के लिए अहम संयोजन बताया.