scorecardresearch
Wednesday, 19 August, 2026
होमरिपोर्टमध्य प्रदेश में लाड़ली बहनों को मोहन यादव का राखी तोहफा, खातों में ट्रांसफर किए ₹2,148 करोड़

मध्य प्रदेश में लाड़ली बहनों को मोहन यादव का राखी तोहफा, खातों में ट्रांसफर किए ₹2,148 करोड़

मैहर में सीएम ने 1.25 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को ₹250 का अतिरिक्त शगुन दिया, कांग्रेस पर भी साधा निशाना

Text Size:

नई दिल्ली: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को मैहर में आयोजित कार्यक्रम में लाड़ली बहना योजना के तहत 1.25 करोड़ से ज्यादा महिलाओं के खातों में ₹2,148 करोड़ ट्रांसफर किए. महिलाओं को नियमित ₹1,500 के अलावा रक्षाबंधन के मौके पर ₹250 का अतिरिक्त शगुन भी दिया गया.

कार्यक्रम में सीएम यादव ने महिलाओं पर पुष्प वर्षा की और उन्हें प्रसिद्ध गीत ‘फूलों का तारों का, सबका कहना है’ सुनाया. उन्होंने कहा कि सरकार हर महीने बहनों को योजना की राशि देती है और राखी के मौके पर अतिरिक्त राशि उपहार के तौर पर दी गई है. यादव ने कहा कि सरकार ने आने वाले पांच वर्षों तक लाड़ली बहनों को राशि देने का फैसला किया है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं परिवार को जोड़े रखने में अहम भूमिका निभाती हैं. उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं की आय बढ़ाने और उद्योगों में महिलाओं को रोजगार देने पर भी जोर दिया.

यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी नेता लाड़ली बहना योजना की राशि को लेकर आपत्तियां जताते हैं. उन्होंने महिलाओं से चुनाव के समय कांग्रेस को जवाब देने की अपील की.

इस दौरान मुख्यमंत्री ने ₹256 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया. उन्होंने क्षेत्र में नर्मदा का पानी पहुंचाने और किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराने की बात कही.

share & View comments