scorecardresearch
Monday, 26 October, 2026
होमदेशओडिशा भाजपा ने खरगे की मोदी पर की गई विवादित टिप्पणी का किया विरोध, पुतला फूंका

ओडिशा भाजपा ने खरगे की मोदी पर की गई विवादित टिप्पणी का किया विरोध, पुतला फूंका

Text Size:

भुवनेश्वर, 26 अक्टूबर (भाषा) ओडिशा में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर विवादित टिप्पणी करने को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ सोमवार को यहां प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि विपक्षी नेता ने राजनीतिक मर्यादा की सारी हदें पार कर दी हैं।

खरगे ने रविवार को पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में ‘‘मोदी का बाप भी जाएगा’’ टिप्पणी करके सियासी विवाद खड़ा कर दिया था। उन्होंने यह टिप्पणी एक व्यक्ति के उस दावे के जवाब में कही थी, जिसमें उसने कहा था कि प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाएंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद मनमोहन सामल ने कहा, ‘‘मोदी जी के पिता के बारे में अभद्र टिप्पणी करके खरगे ने सारी हदें पार कर दी हैं। इससे पहले भी कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी और उनके परिवार के बारे में अपमानजनक टिप्पणियां की हैं। ऐसे बयानों के जरिये खरगे ने राजनीतिक मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दी हैं।’’

भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे और पार्टी नेता राहुल गांधी के पुतले जलाए और विपक्षी दल के खिलाफ नारेबाजी की।

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रविवार को खरगे की टिप्पणी को लेकर उनका मखौल उड़ाते हुए कहा था कि ‘कभी राष्ट्रीय पार्टी रही’ कांग्रेस के पूर्ण ‘नैतिक पतन’ को लोग याद रखेंगे।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में तंज कसते हुए कहा, ‘‘मल्लिकार्जुन खरगे जी बधाई। एक चुनावी रैली में प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता को घसीटकर, आपने अपनी पार्टी के पूरी तरह से बौद्धिक दिवालियापन को साबित कर दिया है।’’

माझी ने कहा, ‘‘विपक्ष के नेतृत्व का क्या ही शानदार और प्रेरणादायक उदाहरण है! जब आपके पास पेश करने के लिए विकास का कोई दृष्टिकोण न हो, बचाव करने के लिए शासन का कोई ट्रैक रिकॉर्ड न हो, और आपके पैरों तले कोई ठोस आधार न बचा हो, तो बस निजी हमलों पर उतर आएं।’’

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments