scorecardresearch
Sunday, 29 November, 2026
होमदेशओडिशा: हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े आभूषण शोरूम लूटा, चार आरोपी गिरफ्तार

ओडिशा: हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े आभूषण शोरूम लूटा, चार आरोपी गिरफ्तार

Text Size:

बारीपदा, 29 नवंबर (भाषा) ओडिशा के मयूरभंज जिले में रविवार दोपहर छह हथियारबंद बदमाशों ने एक आभूषण शोरूम में धावा बोलकर दो किलोग्राम से अधिक सोने और हीरे के आभूषण लूट लिए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों ने चार आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, पिस्तौल से लैस छह बदमाशों ने रविवार दोपहर एक बजकर 10 मिनट पर बारीपदा शहर स्थित शोरूम में घुसकर कर्मचारियों व ग्राहकों को बंदूक दिखाकर बंधक बना लिया और आठ मिनट के भीतर बड़ी मात्रा में आभूषण लूट लिए।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद जब बदमाश भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी स्थानीय लोगों और शोरूम के कर्मचारियों ने उनमें से चार को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.5 किलोग्राम सोने के आभूषण और 300 ग्राम से अधिक हीरे के आभूषण बरामद कर लिए।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस की कई टीमें फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

मयूरभंज के पुलिस अधीक्षक (एसपी) वरुण गुंटुपल्ली ने बताया कि शोरूम मालिक ने सीसीटीवी कैमरों में लूट की घटना देखने के बाद पुलिस को सूचना दी।

उन्होंने बताया कि शोरूम के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज शोरूम के मालिक के मोबाइल फोन पर भी प्रसारित हो रही थी।

अधिकारी ने बताया, “हमारे अधिकारी 10 मिनट के भीतर शोरूम पर पहुंच गए। चार लुटेरों को पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य फरार होने में कामयाब रहे।”

शोरूम मालिक के शुरुआती आकलन के मुताबिक, लूटे गए आभूषणों में से करीब 70 से 80 प्रतिशत बरामद कर लिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि चोरी और बरामद किए गए कीमती सामान की सही मात्रा का पता शोरूम के स्टॉक रिकॉर्ड की जांच के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बिहार, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र के रहने वाले हैं।

भाषा जितेंद्र पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments