नई दिल्ली: पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये के रक्षा अधिकारियों की इस्लामाबाद में बैठक के एक दिन बाद, पाकिस्तान ने रविवार को घोषणा की कि वह यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के हमलों के बाद सऊदी अरब की रक्षा मजबूत करने के लिए वहां अपने सैनिक तैनात करेगा.
इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (ISPR) ने कहा कि पाकिस्तानी सैनिक मौजूदा रक्षा सहयोग समझौतों के तहत सऊदी अरब की सीमा के भीतर तैनात रहेंगे. उसने यह नहीं बताया कि कितने सैनिक तैनात किए जाएंगे, वे कब पहुंचेंगे, उनकी खास जिम्मेदारियां क्या होंगी या वे कितने समय तक सऊदी अरब में रहेंगे.
रविवार को जारी बयान में ISPR ने सऊदी अरब के शहरों मक्का और मदीना में इस्लाम के दो सबसे पवित्र स्थलों की सुरक्षा के लिए पाकिस्तान की प्रतिबद्धता दोहराई.
सेना ने कहा, “सैनिक तय जिम्मेदारियों और रक्षा सहयोग के स्थापित ढांचे के तहत सऊदी अरब की सीमा के भीतर अपनी जिम्मेदारियां निभाएंगे.” उसने कहा कि इस तैनाती से सुरक्षा से जुड़ी नई चिंताओं के बीच सऊदी अरब की रक्षा क्षमता मजबूत होगी.
डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, पाकिस्तान की सेना ने शनिवार को सऊदी अरब में तैनात होने की तैयारी कर रहे सैनिकों के लिए विदाई समारोह भी आयोजित किया. रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ इस समारोह में मुख्य अतिथि थे. समारोह में पाकिस्तान में सऊदी अरब के राजदूत राजेह तामी अलबुगामी, पाकिस्तान सेना के चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल उमर अहमद बोखारी और लाहौर कॉर्प्स कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मुहम्मद उमर बशीर भी मौजूद थे.
पाकिस्तान, सऊदी अरब और तुर्किये ने 7 अगस्त को मक्का संयुक्त रक्षा समझौते पर हस्ताक्षर किए थे. इस समझौते के मुताबिक, किसी एक सदस्य देश पर हमला तीनों देशों पर हमला माना जाएगा. तीनों सरकारों ने इस समझौते को रक्षात्मक बताया है. पाकिस्तानी अधिकारी बार-बार कह चुके हैं कि यह किसी भी देश, यहां तक कि ईरान के खिलाफ भी नहीं है.
यह कदम पिछले महीने रियाद में हुई बातचीत के बाद उठाया गया है. उस बैठक में तीनों देशों ने अपनी सामूहिक रक्षा प्रतिबद्धताओं को लागू करने पर सहमति जताई थी. इन प्रतिबद्धताओं में सऊदी अरब में सैन्य कर्मियों और उपकरणों की तेजी से तैनाती के प्रावधान भी शामिल थे.
शुक्रवार की बैठक में तीनों देशों ने यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब पर किए जा रहे लगातार और गंभीर हमलों की निंदा की. पाकिस्तान कई बार इन हमलों की निंदा कर चुका है. उसने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी इन्हें सऊदी अरब की संप्रभुता का उल्लंघन बताया है.
इस्लामाबाद और रियाद के बीच दो रक्षा समझौते हैं, जिनका मकसद आपसी सुरक्षा को मजबूत करना है. 2025 में हुए द्विपक्षीय रणनीतिक पारस्परिक रक्षा समझौते के तहत दोनों देशों के बीच सैन्य सहयोग बढ़ाने का प्रावधान है. वहीं, 7 अगस्त को हुए व्यापक मक्का संयुक्त रक्षा समझौते में तुर्किये भी शामिल है. इसके मुताबिक, किसी एक सदस्य देश पर सशस्त्र हमला तीनों देशों पर हमला माना जाएगा.
पाकिस्तान कई दशकों से सऊदी अरब में अपनी सेना तैनात करता रहा है. अक्टूबर में ISPR के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने कहा था कि पाकिस्तानी सैनिकों ने सऊदी अरब में सेना के कई क्षेत्रों में सेवाएं दी हैं. बाद में उन्होंने कहा था कि हूती हमलों से सऊदी अरब की रक्षा में मदद के लिए इस्लामाबाद “हर जरूरी सहायता देने” को तैयार है.
सऊदी अरब में पाकिस्तान की सैन्य मौजूदगी समय के साथ काफी बदलती रही है. 1991 के खाड़ी युद्ध के दौरान वहां कथित तौर पर 13,000 तक सैनिक और 6,000 सैन्य सलाहकार तैनात थे. 2018 तक यह संख्या घटकर करीब 1,600 सेना के अधिकारियों और जवानों तक रह गई थी.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: बिहार-यूपी के लिए बाहुबली क्यों हैं अभिशाप, इसका सबूत हैं ‘छोटे सरकार’—अनंत सिंह