scorecardresearch
Sunday, 29 November, 2026
होमरिपोर्टबिहार में अपराध और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस, सीएम सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

बिहार में अपराध और भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस, सीएम सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

जिला पदाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ प्रशासनिक एवं विधि-व्यवस्था की समीक्षा, GPS से होगी रात्रि गश्ती की निगरानी, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी पर जोर

Text Size:

नई दिल्ली: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जिला पदाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को अपराध, भ्रष्टाचार तथा प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने का निर्देश दिया है. मुख्यमंत्री सचिवालय के ‘संवाद’ सभागार में आयोजित दो दिवसीय समीक्षा सम्मेलन के पहले दिन उन्होंने प्रशासनिक कार्यों और विधि-व्यवस्था की समीक्षा की.

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी. गरीब और कमजोर वर्गों को न्याय दिलाने के साथ अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. उन्होंने पुलिस की रात्रि गश्ती की GPS से निगरानी करने और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार ट्रैकिंग करने का निर्देश दिया. इसकी जिम्मेदारी IG और DIG स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई.

उन्होंने भूमि विवादों के समाधान के लिए अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की साप्ताहिक बैठक आयोजित करने को कहा. साथ ही जनता दरबार नियमित लगाने और सोशल मीडिया पर मिलने वाली शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए.

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को महीने में कम से कम दो बार प्रेस कॉन्फ्रेंस करने को कहा.

बैठक में स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, शिक्षा, सड़क निर्माण और जल संसाधन विभागों की योजनाओं की भी समीक्षा हुई. मुख्यमंत्री ने निवेश, रोजगार, किसान उत्पादक संगठनों और बाढ़ प्रबंधन को गति देने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता सुशासन, सुरक्षा, न्याय और विकास है.

share & View comments