नई दिल्ली: मध्यप्रदेश में आयोजित वीमेंस एशियन चैंपियनशिप ट्रॉफी-2026 के फाइनल में भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. इस ऐतिहासिक जीत पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खुशी जाहिर करते हुए भारतीय टीम के लिए एक करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की. इसके तहत प्रत्येक महिला खिलाड़ी को पांच-पांच लाख रुपये और सपोर्टिंग स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को ढाई-ढाई लाख रुपये दिए जाएंगे.
भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्टेडियम में आयोजित फाइनल मुकाबले के बाद मुख्यमंत्री ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया और सभी खिलाड़ियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि बेटियों ने शानदार प्रदर्शन कर हॉकी के स्वर्णिम युग की याद ताजा कर दी है. उनका खेल पूरे देश के लिए गर्व का विषय है.
विश्व हॉकी कप की मेजबानी का प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के अध्यक्ष तैयब इकराम का स्वागत करते हुए मध्यप्रदेश में जनवरी-फरवरी में होने वाले विश्व हॉकी कप के आयोजन की मेजबानी देने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि प्रदेश अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार है.
यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय खिलाड़ी ओलंपिक, कॉमनवेल्थ और एशियाई खेलों में नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं. उन्होंने चीन की टीम को भी शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी. मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन और उसमें भारत की जीत प्रदेश के लिए दोहरी खुशी का अवसर है.