नई दिल्ली: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के विशेष कार्य अधिकारी (OSD) ने इस सप्ताह की शुरुआत में भोपाल एयरपोर्ट पर प्रोटोकॉल के उल्लंघन और सुरक्षा से जुड़ी चूकों को लेकर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के निजी सचिव को पत्र लिखा है.
ये कथित चूक 23 नवंबर को हुईं, जब कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री चौहान मध्य प्रदेश की राजधानी से इंडिगो की फ्लाइट से नई दिल्ली लौट रहे थे.
केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू के निजी सचिव श्रीकेश लाथकर को लिखे पत्र में चौहान के OSD भूपेंद्र सिंह परस्ते ने अधिकारियों की ओर से “गंभीर लापरवाही” का आरोप लगाया है. इनमें केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के संपर्क अधिकारी के साथ-साथ एयरपोर्ट और एयरलाइन के कर्मचारी भी शामिल हैं. परस्ते के मुताबिक, एयरपोर्ट पर चौहान के कार्यक्रम और यात्रा की जानकारी पहले ही दे दी गई थी, इसके बावजूद ये चूक हुईं.
सबसे पहले, परस्ते ने आरोप लगाया कि मंत्री के सुरक्षा अधिकारी को इस बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई थी कि एयरलाइन ने उनकी सीट बदल दी है और बिना बताए उन्हें दूसरी सीट दे दी है. उन्होंने एयरपोर्ट पर प्रोटोकॉल से जुड़े कर्मचारियों और ग्राउंड स्टाफ की गैरमौजूदगी का मुद्दा भी उठाया. इसकी वजह से सामान लेने में परेशानी हुई.
23 नवंबर को लिखे पत्र में परस्ते ने कहा, “सुरक्षा जांच और विमान में सवार होने की प्रक्रिया के दौरान माननीय मंत्री के साथ यात्रा कर रहे अन्य यात्रियों को रोककर उनसे पूछताछ की गई. इससे बेवजह देरी हुई और उन्हें परेशानी उठानी पड़ी.”
उन्होंने इस बात पर भी सवाल उठाया कि तय सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन करते हुए चौहान को दूसरे यात्रियों के विमान में सवार होने से पहले ही एयरोब्रिज तक ले जाया गया.
परस्ते ने पत्र में लिखा, “माननीय मंत्री को दूसरे यात्रियों के विमान में सवार होने से पहले ही एयरोब्रिज तक ले जाया गया, जबकि विमान पहले से ही भरा हुआ था. इस वजह से उन्हें बीच रास्ते में रुकना पड़ा, जो तय सुरक्षा और बोर्डिंग प्रोटोकॉल के खिलाफ था.”
यह पत्र मुख्य रूप से केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री नायडू के निजी सचिव को संबोधित था. इसकी प्रतियां भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI), CISF के महानिदेशक, भोपाल एयरपोर्ट के मुख्य एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारी (CASO) और नई दिल्ली व भोपाल में इंडिगो एयरलाइंस के वरिष्ठ प्रबंधकों को भी भेजी गईं.
इसकी एक प्रति राज्य सरकार के स्थानीय प्रोटोकॉल अधिकारी और भोपाल के कलेक्टर को भी भेजी गई.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: बिहार-यूपी के लिए बाहुबली क्यों हैं अभिशाप, इसका सबूत हैं ‘छोटे सरकार’—अनंत सिंह