अहमदाबाद, 26 नवंबर (भाषा) गुजरात में होटलों की साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत 175 होटलों को नोटिस जारी किए गए हैं। इन होटलों की रसोई में गंदगी, परिसर में साफ-सफाई की कमी और अस्वास्थ्यकर खाद्य पदार्थ मिलने पर यह कार्रवाई की गई है। एक मंत्री ने इसकी जानकारी दी।
गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने बृहस्पतिवार को बताया कि राज्य में ‘ऑपरेशन हेल्थ’ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है और इसके अलावा 516 अन्य होटलों को जरूरी सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं।
मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि जांच के दौरान 14 होटलों में संदिग्ध खाद्य पदार्थ मिले, जिन्हें नष्ट कर दिया गया और साथ ही इन खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
उन्होंने बताया कि इस राज्यव्यापी अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि विभाग की टीमों ने प्रमुख राजमार्गों के किनारे स्थित 691 होटलों का निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई, रसोई की स्थिति और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई।
भाषा रंजन अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.